मतदाता सूची में पात्र नागरिकों को शत-प्रतिशत जोड़ने के लिए संगठनों की ली जाएगी मदद

जनपत की खबर , 31

**औद्योगिक संस्थानों, RWA, बार एसोसिएशन, श्रमिक एवं व्यापारिक संगठनों के सहयोग से चलाया जाएगा विशेष अभियान**
 
**ग्राम प्रधानों, पार्षदों और समाजसेवियों की भी ली जाएगी मदद, कार्यस्थलों और आवासीय परिसरों में लगेंगे पंजीकरण शिविर**
 
**लखनऊ, 6 नवंबर।** उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्वाचन विभाग व्यापक अभियान चलाएगा। इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए सरकारी विभागों के साथ सामाजिक, व्यावसायिक और गैर सरकारी संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों, निजी औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), जिला एवं तहसील बार एसोसिएशन, अधिवक्ता संगठनों, नागरिक सुरक्षा संगठनों, श्रमिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा चिकित्सा संघों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाएगा।
 
**औद्योगिक संस्थानों और आवासीय परिसरों में लगेंगे शिविर**
 
सार्वजनिक उपक्रमों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यस्थलों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, आवासीय सोसाइटियों, बहुमंजिला अपार्टमेंट और कॉलोनियों में RWA के सहयोग से नए निवासियों, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और अब तक पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराया जाएगा।
 
नगरीय क्षेत्रों, घनी आबादी वाले मोहल्लों और मलिन बस्तियों में छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए नागरिक सुरक्षा संगठनों के स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। श्रमिक संगठनों के माध्यम से कारखानों, औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण स्थलों पर संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, संविदा कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगियों को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास होगा।
 
**व्यापारिक और चिकित्सा संगठनों को भी अभियान से जोड़ेंगे**
 
व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से उनके परिसरों में पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। मलिन बस्तियों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
 
**पूर्व जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी मिलेगी मदद**
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र के निवासियों की जानकारी होती है। ऐसे में वर्तमान एवं पूर्व ग्राम प्रधानों और पार्षदों का सहयोग लेकर मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही समाजसेवियों और वरिष्ठ प्रतिष्ठित नागरिकों की मदद से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
 
नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संबंधित संगठनों और संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष अभियान दिवसों और अन्य उपयुक्त अवसरों पर पंजीकरण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया है।

Related Articles

Comments

Back to Top