मायावती ने आकाश आनंद को बसपा से किया पूरी तरह मुक्त
जनपत की खबर Sep 10, 2026 at 10:30 AM , 23**लखनऊ।** बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया है। मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। इससे पहले 3 सितंबर 2026 को आकाश आनंद को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया था।
मायावती ने अपने बयान में आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को लेकर कई गंभीर टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ का राजनीति से संन्यास लेना **‘देर आए, दुरुस्त आए’** की तर्ज पर सही कदम है, लेकिन यदि उन्होंने यह फैसला पहले लिया होता तो बसपा, बहुजन समाज और बहुजन आंदोलन को विपरीत परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।
बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि आकाश आनंद पार्टी और आंदोलन के हितों से अधिक अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रति लगाव को महत्व दे रहे हैं। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद का यह रवैया उनके **‘डबल माइंड’** होने का संकेत देता है और ऐसे में उनके लिए पार्टी तथा आंदोलन का प्रभावी ढंग से हित साधना संभव नहीं है।
मायावती ने कहा कि बसपा की अम्बेडकरवादी राजनीति त्याग, तपस्या, संघर्ष और कुर्बानी के साथ-साथ निजी एवं पारिवारिक स्वार्थ से दूर रहने की पहचान रखती है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से निजी और पारिवारिक हितों तथा पद की लालसा से ऊपर उठकर बहुजन समाज को सत्ता में निर्णायक भूमिका दिलाने के लक्ष्य पर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि आकाश आनंद ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास संबंधी पोस्ट को रिपोस्ट नहीं किया, जबकि पहले वे बसपा प्रमुख की पोस्ट को रिपोस्ट कर अपनी वफादारी प्रदर्शित करते रहे हैं। मायावती ने इसे आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ के पार्टी व आंदोलन से अधिक निजी एवं पारिवारिक हितों को महत्व देने के रूप में पेश किया।
मायावती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि **आकाश आनंद अब बसपा में पूरी तरह स्वतंत्र हैं और उन्हें पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है।**
अंत में मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं से विरोधियों के सभी राजनीतिक हथकंडों का मुकाबला करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ और मजबूत कानून-व्यवस्था व विकास को पार्टी का प्रमुख लक्ष्य बताया।






_page-0001.jpg)
























Comments