*मथुरा की 120 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनी ग्रामीण विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देने का माध्यम*

जनपत की खबर , 25

*1093 पुस्तकों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा, 1536 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण*

*लखनऊ, 05 सितम्बर 2026।*

 माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा एवं शासन की मंशा के अनुरूप जनपद मथुरा में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में डिजिटल लाइब्रेरियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता के नेतृत्व में पंचायतीराज विभाग द्वारा जनपद की 120 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं।
ग्राम पंचायत सचिवालयों में स्थापित इन डिजिटल लाइब्रेरियों में 1093 पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा, अंग्रेजी एवं कहानी की पुस्तकों के साथ-साथ JEE, NEET, UP CTET, SSC, IBPS, JRF, UGC NET, UPPCS एवं UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त साहित्य, महापुरुषों की जीवनियां, महिलाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें तथा विभिन्न विषयों की पुस्तकें भी उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इंटरनेट एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
*10 विकास खण्डों की 120 ग्राम पंचायतें लाभान्वित*
जनपद के बल्देव में 14, चौमुहां में 17, छाता में 06, फरह में 08, गोवर्धन में 15, मांट में 12, मथुरा में 17, नन्दगांव में 07, नौहझील में 17 तथा राया विकास खण्ड में 07 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं।
इन लाइब्रेरियों में अब तक 1536 विद्यार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए गांव में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
डिजिटल लाइब्रेरी से मिली सफलता, गांव के युवाओं ने रचा इतिहास
डिजिटल लाइब्रेरी का उपयोग कर ग्राम पंचायत सौंसा, विकास खण्ड गोवर्धन के छात्र अजय एवं दीपक तथा ग्राम पंचायत अडींग के छात्र मनीष यादव एवं टीटू शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की है। इनमें टीटू शर्मा का उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है।
इन विद्यार्थियों की सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को गांव में ही बेहतर अध्ययन संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वे प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकते हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी से सफलता प्राप्त करने वाले छात्र *अजय को माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा 03 सितम्बर 2026 को जनपद मथुरा भ्रमण के दौरान स्वामी हरिदास सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया*। इससे पूर्व अन्य सफल विद्यार्थियों को भी माननीय सांसद श्रीमती हेमा मालिनी एवं जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
*अब डिजिटल लाइब्रेरियों में शुरू होंगी ऑनलाइन कक्षाएं*
डिजिटल लाइब्रेरी युक्त ग्राम पंचायतों को ‘स्मार्ट पंचायत’ के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। माह सितम्बर में लाइब्रेरियों में कंप्यूटर, प्रिंटर एवं एलईडी स्थापित किए जाने के बाद ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था के साथ पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
डिजिटल लाइब्रेरियों के माध्यम से ग्रामीण छात्र-छात्राओं को गांव में ही आधुनिक तकनीक, पुस्तकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से शिक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है। यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top