**यूपी के किसानों को योगी सरकार की बड़ी राहत, खरीफ फसल बीमा की अंतिम तारीख 10 सितंबर तक बढ़ी**

अन्य खबरे , 13

 **केंद्र सरकार ने 31 अगस्त की समयसीमा बढ़ाकर 10 सितंबर की; सभी जिलों के ऋणी किसानों को मिलेगा लाभ**
 
**लखनऊ, 1 सितंबर।** उत्तर प्रदेश के किसानों के हित में योगी सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने **खरीफ-2026 में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 सितंबर 2026** कर दी है। पहले फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित थी। समयसीमा बढ़ाए जाने से प्रदेश के सभी जनपदों के पात्र ऋणी किसानों को बड़ी राहत मिली है।
 
राज्य सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने **प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY)** तथा चयनित जनपदों में संचालित **पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना** के तहत ऋणी कृषकों के लिए बीमा कराने की समयसीमा बढ़ाई है।
 
### **कृषि मंत्री ने किसानों से की बीमा कराने की अपील**
 
प्रदेश के कृषि मंत्री **सूर्य प्रताप शाही** ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में फसल बीमा किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है।
 
कृषि मंत्री ने किसानों से कहा कि वे **बिना विलंब अपनी संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर 10 सितंबर तक फसल बीमा की प्रक्रिया पूरी करें**, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रह जाएं।
 
### **फसल नुकसान से किसानों की आय को स्थिरता देने का प्रयास**
 
प्रदेश के सभी जनपदों में प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण होने वाले फसल नुकसान से किसानों की आय को स्थिरता प्रदान करने के उद्देश्य से फसल बीमा योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासन द्वारा वर्ष **2026-27 में भी इन योजनाओं को पूर्ववत लागू** किया गया है।
 
समयसीमा बढ़ाए जाने की सूचना प्रदेश के सभी संबंधित बैंकों और अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र ऋणी किसानों को बीमा योजना के दायरे में लाया जा सके और उन्हें संभावित फसल नुकसान के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
 
### **69.22 लाख किसानों को मिल चुका 6,119.93 करोड़ का मुआवजा**
 
प्रदेश में फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। आंकड़ों के अनुसार, **वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक प्रदेश के 69.22 लाख लाभार्थी किसानों को कुल 6,119.93 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति** प्रदान की जा चुकी है।
 
वहीं, **खरीफ-2025 में 20.63 लाख बीमित किसानों में से 7.27 लाख किसानों को 808.56 करोड़ रुपये** की क्षतिपूर्ति दी गई। इसी प्रकार **रबी-2025-26 में 1.67 लाख किसानों को 134.60 करोड़ रुपये** का मुआवजा प्रदान किया गया है।
 
### **10 सितंबर तक मिलेगा मौका**
 
राज्य सरकार ने पात्र ऋणी किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और **10 सितंबर 2026 से पहले अपनी बैंक शाखा से संपर्क कर फसल बीमा करा लें।** सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा के दायरे में लाकर प्राकृतिक आपदा और मौसम की अनिश्चितताओं से होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा प्रदान करना है।

Related Articles

Comments

Back to Top