विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में यूपी के युवा दिखाएंगे नेतृत्व क्षमता
जनपत की खबर Aug 20, 2026 at 08:48 PM , 6**16 सितंबर तक ‘विकसित भारत क्विज’ में भाग लेने का मौका, चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर**
लखनऊ। देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनकी प्रतिभा, नवाचार, विचारों तथा नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का आयोजन माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के माध्यम से किया जा रहा है। इस पहल के जरिए उत्तर प्रदेश के युवाओं को विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिल रहा है।
VBYLD 2027 की शुरुआत ‘विकसित भारत क्विज’ से हो चुकी है। यह क्विज 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के उत्तर प्रदेश के युवा माय भारत पोर्टल **mybharat.gov.in** पर पंजीकरण कर इसमें भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए युवा अपने जिले के जिला युवा अधिकारी अथवा माय भारत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
VBYLD 2027 के तहत युवाओं को विकसित भारत चैलेंज के अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों, डिजाइन, सामाजिक सरोकारों के लिए तकनीकी समाधान, युवा उद्यमिता और यूथ पार्लियामेंट जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, युवा संगठनों, स्टार्टअप्स तथा सामाजिक-सांस्कृतिक समूहों से जुड़े युवा जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा और विचार पहुंचा सकेंगे।
विकसित भारत चैलेंज के तहत भविष्य का शासन, जलवायु सुरक्षा, जनसांख्यिकीय लाभांश, सतत औद्योगिकीकरण, कनेक्टिविटी, विनिर्माण, जनजातीय नेतृत्व, नवाचार एवं उभरती प्रौद्योगिकी तथा ब्लू इकोनॉमी जैसे विषयों पर युवाओं के विचार और समाधान आमंत्रित किए जाएंगे।
चयन प्रक्रिया विभिन्न चरणों में होगी। विकसित भारत क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में निबंध प्रतियोगिता, जिला स्तरीय चैंपियनशिप और राज्य स्तरीय गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। चयनित युवा 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में प्रधानमंत्री के साथ संवाद कर अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता, उद्यमशीलता और रचनात्मक सोच विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसे में प्रदेश के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे 16 सितंबर 2026 से पहले विकसित भारत क्विज में भाग लेकर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें। युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी प्रदेश की युवा शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को भी नई दिशा देगी।































Comments