गुजरात-असम में बाढ़ का कहर: 96 लोगों की मौत, 7 लाख से अधिक प्रभावित; पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा
जनपत की खबर Jul 26, 2026 at 09:50 AM , 50नई दिल्ली/अहमदाबाद/गुवाहाटी। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुजरात और असम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। दोनों राज्यों में अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात में पिछले दो दिनों में बारिश और बाढ़ से 35 लोगों की जान गई है, जबकि असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 61 पहुंच गई है।
गुजरात में मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक असर उत्तर गुजरात के जिलों में देखने को मिल रहा है। राज्य के पाटन जिले के संतालपुर तालुका में पिछले 24 घंटे में 381 मिमी तथा राधनपुर तालुका में 342 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं वाव-थराद के भाभर क्षेत्र में 287 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य के 34 जिलों में व्यापक बारिश हुई, जबकि 173 तालुकाओं में 250 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
गुजरात राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 18 तथा एसडीआरएफ की 32 टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। कई संवेदनशील इलाकों में सेना को भी राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया है। अब तक लगभग 42 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि पिछले कुछ दिनों में 7 हजार से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है।
अहमदाबाद के ढोलका तालुका में बाढ़ के पानी में फंसे 103 लोगों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला। वहीं नवसारी जिले के कई गांवों से 120 लोगों का रेस्क्यू किया गया तथा 43 अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
उधर, असम में बाढ़ की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। राज्य के 9 जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य को केंद्र सरकार की ओर से राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर गुजरात के साबरकांठा, बनासकांठा, पाटण, मेहसाणा तथा सौराष्ट्र के सुरेंद्रनगर और मोरबी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। हालांकि दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम होने से कुछ राहत मिली है।































Comments