केंद्रीय वित्त मंत्री ने की यूपी के ISSA मॉडल की सराहना, योगी सरकार के कौशल विकास नवाचारों की प्रशंसा
जनपत की खबर Jul 24, 2026 at 09:07 PM , 20नई दिल्ली में प्रस्तुतीकरण के दौरान इंटर्नशिप, उद्योग आधारित प्रशिक्षण, ODOP और कौशल विकास मॉडल को मिली सराहना
नई दिल्ली/लखनऊ, 24 जुलाई। भारत सरकार की इंटीग्रेटेड स्कीम इन स्किलिंग आर्किटेक्चर (ISSA) के तहत आयोजित प्रस्तुतीकरण में केंद्रीय वित्त मंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार के एकीकृत कौशल विकास मॉडल की सराहना करते हुए इसे विभिन्न विभागों के समन्वय से तैयार एक प्रभावी और नवाचारी पहल बताया।
कर्तव्य भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम, बिहार और उत्तर प्रदेश ने अपने-अपने कौशल विकास मॉडल प्रस्तुत किए। उत्तर प्रदेश की ओर से प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम ने राज्य का प्रस्तुतीकरण किया।
प्रस्तुतीकरण में विद्यालयी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप, उद्योग सहभागिता, रोजगार और उद्यमिता तक की एकीकृत व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया। इसमें राज्य इंटर्नशिप योजना, कौशल मंदिर, उद्योग आधारित प्रशिक्षण, रोजगार संगम पोर्टल का सुदृढ़ीकरण, करियर काउंसलिंग, अप्रेंटिसशिप विस्तार और विद्यालय-उद्योग क्लस्टर मॉडल जैसे नवाचारों की जानकारी दी गई।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने विशेष रूप से कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, इंटर्नशिप और इंडस्ट्री विजिट को बढ़ावा देने के प्रस्ताव की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर उद्योगों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आईटीआई शिक्षा में अंग्रेजी को क्वालिफाइंग विषय के रूप में शामिल करने के सुझाव को भी रोजगार क्षमता और संचार कौशल बढ़ाने की दिशा में दूरदर्शी कदम बताया।
इसके अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी 'एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP)' योजना की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह स्थानीय उद्योगों, पारंपरिक उत्पादों और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाला सफल मॉडल है। उन्होंने कौशल विकास कार्यक्रमों के साथ ODOP के प्रभावी समन्वय को भी सराहनीय बताया।































Comments