*NEET परीक्षा की जांच सीबीआई को सौंपे जाने का किया स्वागत*
अन्य खबरे May 12, 2026 at 11:35 PM , 20*लखनऊ।* राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं शिक्षाविद् मयंक त्रिवेदी ने NEET 2026 परीक्षा को रद्द कर पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री , केंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा केवल एक एग्जाम नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के सपनों, वर्षों की मेहनत और उनके परिवारों की उम्मीदों से जुड़ी होती है।
ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरे शिक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष जांच का निर्णय छात्रों के हित में लिया गया एक आवश्यक कदम है, जिससे देश के करोड़ों युवाओं का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं न्याय प्रणाली में और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों ने दिन-रात मेहनत कर इस परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक की खबरों ने ईमानदारी से मेहनत करने वाले छात्रों को मानसिक रूप से आहत किया है।
ऐसे समय में सरकार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई जांच का आदेश देना सराहनीय है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे षड्यंत्र में शामिल सभी दोषियों, दलालों एवं संगठित गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि को भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाना चाहिए। परीक्षा केंद्रों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाना आवश्यक है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे निराश न हों और अपना मनोबल बनाए रखें। मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती तथा ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्रों को निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है। यह समय धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने का है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अभी से दोबारा पूरी लगन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपनी तैयारी में जुट जाएं, क्योंकि संघर्ष और परिश्रम ही सफलता का सबसे बड़ा आधार है।



























Comments