30 अप्रैल तक करें आवेदन, संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक) 2026 के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया जारी

अन्य खबरे , 27

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026।

 उत्तर प्रदेश में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)–2026 के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा जारी सूचना के अनुसार राज्य की राजकीय, अनुदानित, पीपीपी, निजी एवं अल्पसंख्यक संस्थानों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन 15 जनवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं, जिनकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थी प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे कार्यरत अभ्यर्थी भी तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।

ऑनलाइन आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये प्रति ग्रुप तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये प्रति ग्रुप निर्धारित किया गया है। प्रत्येक अभ्यर्थी अधिकतम तीन ग्रुप में आवेदन कर सकता है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रदेशभर में राजकीय, अनुदानित, पीपीपी एवं निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में हेल्प सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां से आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्राप्त की जा सकती है। परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से पहले ही अपना आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

इस वर्ष एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए ग्रुप ‘बी’ (डिप्लोमा इन एग्रीकल्चर) पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब हाईस्कूल में कृषि विषय की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है, जिससे अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिल सकेगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट या दूरभाष नंबर 0522-2630106, 2630695, 2630667, 2636589 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top