उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर: बेसिक शिक्षा परिषद ने बदला स्कूलों का समय, सुबह 7:30 बजे से चलेंगे विद्यालय

जनपत की खबर , 172

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के समय में बड़ा बदलाव किया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब परिषद के अधीन संचालित सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
आदेश के मुताबिक छात्र-छात्राएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। वहीं शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में रहकर शैक्षिक, प्रशासनिक और अन्य कार्य पूरे करने होंगे।
नई समय-सारणी के अनुसार विद्यालयों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक, जबकि मध्यावकाश सुबह 10:00 से 10:15 बजे तक रहेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग ने यह निर्णय राहत आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के तहत लिया है, ताकि भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।
वहीं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए स्कूल प्रबंधन समितियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है।
प्रदेशभर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top