*मुख्य सचिव से 2024 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट*
जनपत की खबर Apr 20, 2026 at 04:20 PM , 26*सभी अधिकारी पूर्ण ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का करें निर्वहन*
*जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ संवाद को अपनी कार्यशैली का बनाएं अभिन्न हिस्सा*
*एस.पी.गोयल*
*मुख्य सचिव*
*दिनांक : 20 अप्रैल, 2026*
*लखनऊ:* प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल से वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूर्ण ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा उत्तर प्रदेश की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय योगदान दें।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रशासनिक दायित्वों के प्रति संवेदनशील, सक्रिय एवं जवाबदेह रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, जन संवाद को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाते हुए नियमित रूप से जनता के साथ संवाद स्थापित करें और जन सुनवाई एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जन समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
प्रदेश की प्रगति एवं तीव्र विकास गति पर प्रकाश डालते हुए मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आमजन तक उनकी पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इस दौरान मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण अनुभवों को विस्तार से जाना तथा प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।
प्रशिक्षु अधिकारियों में श्री आदित्य श्रीवास्तव, श्री अनमेष वर्मा, श्री अंशुल हिंदल, श्री अर्पित कुमार, श्री अयान जैन, श्री आयुष अग्रवाल, श्री जी. अक्षय दीपक, श्री कुनाल रस्तोगी, सुश्री मनीषा धार्वे, सुश्री नौशीन, श्री रमेशचन्द्र वर्मा, सुश्री रिदम आनंद, श्री शौर्य अरोड़ा, श्री शिवम कुमार, श्री शुभांशु कटियार, श्री सुधांशु नायक, श्री तेजस के., श्री विनोद कुमार मीणा एवं सुश्री अपराजिता आर्यन शामिल थीं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियुक्ति श्री एम. देवराज, विशेष सचिव मुख्यमंत्री एवं निदेशक नागरिक उड्डयन श्री ईशान प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
----------































Comments