उन्नाव में होली पर बवाल: जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस से झड़प, पथराव के बाद सरकारी गाड़ी पलटी

जनपत की खबर , 205

उन्नाव। उन्नाव में होली के दिन कानून-व्यवस्था बिगड़ने की घटना सामने आई। अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में बुधवार को जुआ खेले जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। उग्र भीड़ ने पथराव किया और पुलिस की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे खंती में पलट दिया।
जानकारी के अनुसार हलके के सिपाही अमरजीत जुआ की सूचना पर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अंकित पुत्र रामदास से पूछताछ की। अंकित द्वारा जुआ की जानकारी से इनकार किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान सिपाही ने अंकित की पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव की महिलाएं और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने सिपाही को घेर लिया, जिसके बाद वह वहां से निकल गया। घटना से आक्रोशित सोनकर बिरादरी के लोगों ने हड़हा-बलाई मार्ग पर जाम लगा दिया और संबंधित सिपाही को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
पुलिस द्वारा समझाने के प्रयास और हल्की सख्ती के बाद स्थिति और बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर खंती में पलट दिया गया। बदरका चौकी प्रभारी अनिल त्रिपाठी और एसओ के आरक्षी प्रवीण चौरसिया के साथ भी मारपीट की सूचना है।
हालात बेकाबू होते देख पुलिसकर्मी गांव से पीछे हटकर करीब एक किलोमीटर दूर हाईवे पर पहुंच गए और अतिरिक्त फोर्स का इंतजार करने लगे। बाद में पीएसी व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top