लखनऊ में 26 फरवरी को शिक्षक संघ का बड़ा प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी

अन्य खबरे , 126

लखनऊ, 25 फरवरी 2026।
टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (जिला–लखनऊ) ने 26 फरवरी 2026 को राजधानी लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इस संबंध में फेडरेशन की ओर से मीडिया को आधिकारिक आमंत्रण-पत्र जारी किया गया है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं और पेंशन बहाली की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से शिक्षक अपने अधिकारों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 26 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे से 3:30 बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय, लखनऊ पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद अपराह्न 4:00 बजे जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। फेडरेशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष सुधांशु मोहन का कहना है कि पुरानी पेंशन बहाली और सेवा शर्तों से जुड़ी विसंगतियों का समाधान शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग है। संगठन का दावा है कि यदि सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
शिक्षक संघ के इस ऐलान के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन की निगाहें 26 फरवरी के कार्यक्रम पर टिकी हैं। राजधानी में बड़ी संख्या में शिक्षकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासनिक सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Comments

Back to Top