*आज लखनऊ में एफटीआईआई, पुणे द्वारा पांच दिवसीय 'फ़िल्म एप्रिसिएशन कोर्स' का हुआ शुभारंभ*
जनपत की खबर Dec 26, 2025 at 11:57 AM , 106*धीरे धीरे हम ऐसे कोर्सेस और बढ़ाएंगे और उत्तर प्रदेश में एफटीआईआई की उपस्थिति को और गहरा करेंगे: कुलपति श्री धीरज सिंह*
*स्क्रिप्ट से लेकर स्क्रीन तक: पांच दिनों में मिलेगा विशेष सिनेमा प्रशिक्षण*
पुणे स्थित प्रतिष्ठित फ़िल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया (एफटीआईआई) के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 के बीच पाँच दिवसीय "बेसिक कोर्स इन फ़िल्म एप्रिसिएशन" का शुभारंभ हुआ। यह कोर्स अगले पांच दिनों तक लखनऊ के गोमती नगर के विजयंत खंड स्थित 'महिंद्रा एजुकेशनल प्राइवेट लिमिटेड' में चलेगा। इस मौके पर एफटीआईआई के कुलपति श्री धीरज सिंह भी मौजूद रहें।
कुलपति श्री धीरज सिंह ने कोर्स के बारे में बताते हुए कहा कि काफी दिनों से लखनऊ में फिल्म और टेलीविजन इंस्टिट्यूट की उपस्थिति को बढ़ाने की योजना थी हम लोगों की। यह उस दिशा में हमारा पहला कदम है। यहां के लोगों ने जो उत्साह दिखाया है, उससे हमारी हिम्मत बनती है। धीरे धीरे हम ऐसे कोर्सेस और बढ़ाएंगे और उत्तर प्रदेश में एफटीआईआई की उपस्थिति को और गहरा करेंगे।
एफटीआईआई का 'फ़िल्म एप्रिसिएशन कोर्स' संस्थान के अत्यंत लोकप्रिय और ख्याति-लब्ध शृंखला में से एक है, जिसका उद्देश्य सिनेमा देखने, समझने और विश्लेषण करने का दृष्टिकोण विकसित करना है। लखनऊ के पुराने सिनेमा प्रेमियों को यह कोर्स सुप्रसिद्ध शिक्षक स्व. सतीश बहादुर के नेतृत्व में आयोजित क्लासिक सत्रों की याद दिलाएगा, जिन्होंने शहर में फिल्मों की गहन समझ को नई दिशा दी थी।
अगले पांच दिनों तक इस कोर्स का संचालन एफटीआईआई के फ़िल्म स्टडीज़ विभाग के प्रमुख प्रो. इंद्रनील भट्टाचार्य तथा निर्देशन व शॉर्ट कोर्सेज़ विभाग के विशेषज्ञ प्रो. मिलिंद दामले की टीम द्वारा किया जाएगा।
एफटीआईआई देश का अग्रणी फ़िल्म शिक्षा संस्थान है, जिसके पूर्व विद्यार्थियों में शत्रुघ्न सिन्हा, जया भादुड़ी, मिथुन चक्रवर्ती, डैनी डेन्ज़ोंग्पा, राजकुमार राव, जयदीप अहलावत, विजय वर्मा, और निर्देशक अदूर गोपालकृष्णन, गिरीश कसरवल्ली, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी जैसे नाम शामिल हैं। एफटीआईआई के छात्र रसूल पोकुट्टी को साउंड मिक्सिंग के लिए 'ऑस्कर पुरस्कार' भी मिल चुका है।
***































Comments