माफिया अशरफ का सहयोगी व 50 हजार का इनामी अफसार अहमद दिल्ली से एसटीएफ के हत्थे चढ़ा
जनपत की खबर Dec 10, 2025 at 07:05 PM , 95लखनऊ।
10 दिसंबर 2025 को यूपी एसटीएफ ने बरेली के थाना बिथरी चैनपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 86/2023 के वांछित एवं 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त अफसार अहमद को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
गिरफ्तार अभियुक्त अफसार अहमद पुत्र आजाद अहमद, निवासी सल्लाहपुर, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज है। उसे एसटीएफ ने सपना स्टैंड के सामने, कालका रोड, थाना अमर कॉलोनी, साउथ ईस्ट दिल्ली से सुबह 6:45 बजे दबोचा।
एसटीएफ को सूचना मिल रही थी कि फरार व पुरस्कार घोषित अपराधी दिल्ली में छिपे हैं। इसी क्रम में डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में तथा निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम गठित कर अभिसूचना संकलन किया जा रहा था।
जांच में पता चला कि अफसार अहमद, बरेली जेल में निरुद्ध मृतक माफिया अशरफ से मुलाकात करता था और अपनी आईडी पर अपने साथियों — अजहर, लल्ला गद्दी, गुड्डू मुस्लिम, साबिर व अरमान — को भी जेल में मुलाकात कराने ले जाता था। पूछताछ के अनुसार, अशरफ जेल में ही गवाहों व साक्षियों को धमकाने और हमलों की साजिश रचता था।
इन्हीं अपराधों के तहत उसके खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में मुकदमा संख्या 86/2023 दर्ज किया गया था, जिसके बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपकर रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।































Comments