‘काशी तमिल संगमम 4.0’ पर वाराणसी में मीडिया कार्यशाला आयोजित, 100 से अधिक पत्रकारों ने की भागीदारी
जनपत की खबर Dec 07, 2025 at 05:30 PM , 169लखनऊ।
पत्र सूचना कार्यालय द्वारा ‘काशी तमिल संगमम 4.0’ के क्रम में आज वाराणसी में ‘वार्तालाप कार्यक्रम’ (मीडिया कार्यशाला) का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 100 पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) — आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन — श्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वाराणसी के मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्रभाकर सिंह, काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री अरुण मिश्र, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार बख्शी तथा पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल भी शामिल हुए।
कार्यशाला के दौरान ‘काशी तमिल संगमम’ के आयोजन के साथ-साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी पहलों—जैसे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा बैंकों में पड़े अनक्लेम्ड एसेट्स के निस्तारण संबंधी प्रयास—पर भी चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि श्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि ‘काशी तमिल संगमम’ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल है, जिसके माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में काशी में लगभग 26 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे हैं, जो काशी के बढ़ते सांस्कृतिक आकर्षण का प्रमाण है।
मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम ने कहा कि यह आयोजन उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक आदान-प्रदान परंपरा को नई ऊर्जा देता है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि काशी और रामेश्वरम के प्रति लोगों का आकर्षण ही दोनों क्षेत्रों को जोड़ता आया है।
बीएचयू के प्रोफेसर प्रभाकर सिंह ने कहा कि यह संगमम दोनों क्षेत्रों के महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों और उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को जानने का अवसर प्रदान करता है।
काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री अरुण मिश्र ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार और जनता के बीच मजबूत और निष्पक्ष संवाद स्थापित करें।
बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार बख्शी ने बैंकों में पड़े अनक्लेम्ड एसेट्स के निस्तारण हेतु वित्त मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।































Comments