इंडिया स्किल्स कंपटीशन में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर
राष्ट्रीय Oct 17, 2025 at 08:30 PM , 191राज्य में 1,09,249 युवाओं का हुआ पंजीकरण, पिछले वर्ष की तुलना में 14 गुना वृद्धि
लखनऊ, 17 अक्टूबर 2025
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने इंडिया स्किल्स कंपटीशन-2026 के लिए देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह प्रतियोगिता आगामी वर्ष चीन में आयोजित होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता 2026 के राष्ट्रीय चरण का हिस्सा है। देशभर में 63 कौशल श्रेणियों में आयोजित पंजीकरण प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2025 को सम्पन्न हुई।
मिशन निदेशक पुलकित खरे के प्रभावी नेतृत्व में किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार, विभागीय समन्वय एवं युवाओं को जोड़ने के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश ने 1,09,249 युवाओं का पंजीकरण कर अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। यह संख्या वर्ष 2023 की तुलना में लगभग 14 गुना अधिक है, जब प्रदेश से मात्र 8,000 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था।
देशभर में पंजीकरण के मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर रहा, जबकि आंध्र प्रदेश (58,009), तमिलनाडु (54,409) और कर्नाटक (31,113) क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। प्रदेश के जौनपुर, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, एटा, मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर, मथुरा, मुरादाबाद एवं अलीगढ़ जनपदों ने क्रमशः 5075, 4315, 2975, 2795, 2702, 2701, 2562, 2368, 2343 व 2251 प्रतिभागियों का पंजीकरण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन जनपदों के अधिकारियों को मिशन द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बढ़ती कौशल क्षमता का परिचायक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि हर युवा को कौशलयुक्त बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 में मंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं और दिसंबर 2025 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी, जिनसे उत्कृष्ट प्रतिभाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा।




























Comments