प्रयागराज में 25 हजार वर्ग फीट भूमि पर बनेगा एक और फूड कोर्ट, महाकुंभ में मिलेगा ’स्वाद का संगम’

जनपत की खबर , 131

महाकुंभ आने वाले पर्यटक ले सकेंगे विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों का आनंद
-जयवीर सिंह

लखनऊ : 12 दिसम्बर, 2024  
 
दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम, महाकुंभ-2025 एक माह बाद शुरू होने वाला है। कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को विशिष्ट अनुभव मिले, इसके लिए विभिन्न योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्रयागराज सिविल लाइंस में सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने एक और फूड कोर्ट बनाया जाएगा। करीब 25 हजार वर्ग फीट भूमि में फैले फूड कोर्ट में स्थानीय तथा विभिन्न प्रांतों के प्रसिद्ध शाकाहारी व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि महाकुंभ-2025 की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में है। सरकार इस आयोजन को भव्य और दिव्य रूप से संपन्न कराएगी। इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटकों के स्नान, ध्यान, भ्रमण, ठहरने आदि की व्यवस्था की जा रही है। बड़े पैमाने पर टेंट सिटी तैयारी की जा रही है। महाकुंभ क्षेत्र के अलावा प्रयागराज, अयोध्या, काशी, विंध्याचल सहित अन्य स्थलों पर भ्रमण के लिए विभिन्न पैकेज तैयार किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) श्रद्धालुओं के लिए पीपीपी मोड पर दो भव्य फूड कोर्ट की तैयारी कर रहा है। पहला फूड कोर्ट परेड ग्राउंड में बन रहा है, जबकि दूसरा सिविल लाइंस में सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने बनेगा। इसमें 15ग15 वर्ग फीट आकार की 25 दुकानें स्थापित की जाएगी, जिसमें गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होंगे। यहां विभिन्न प्रांतों के भोजन मिलेंगे। गौरतलब है कि महाकुंभ मेले में विभिन्न प्रांतों और दुनियाभर से पर्यटक आएंगे। आगंतुकों को उनका पसंदीदा भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
 
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। अयोध्या, काशी, मथुरा सहित अन्य तीर्थ स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। महाकुंभ-2025 में देश-दुनिया से लगभग 40 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं/पर्यटकों के आने की संभावना है। सभी आगंतुकों को बेहतर अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top