नोएडा प्राधिकरण के इस खास प्रोजेक्ट में नहीं है कंपनियों की दिलचस्पी, अब इन तरीकों से लुभाने की कोशिश करेगी अथॉरिटी
अन्य खबरे Feb 10, 2021 at 08:30 PM , 313नोएडा।
नोएडा के सेक्टर 21A में नवनिर्मित इनडोर स्टेडियम और शूटिंग रेंज के लिए प्राधिकरण को मैनेजमेंट कंपनियां नहीं मिल रही हैं। कोई भी वेंडर इसके संचालन में रुचि नहीं दिखा रहा है। अब तक नोएडा अथॉरिटी करीब आधा दर्जन से ज्यादा बार टेंडर जारी कर चुकी है, पर किसी भी संस्थान ने फिलहाल आवेदन नहीं दिया है। इस सिलसिले में प्राधिकरण एक और प्रयास कर रहा है। बुधवार, 10 फरवरी को इसके टेंडर की तकनीकी बिड ओपेन की जाएगी। इसके बाद फाइनेंसियल बिड खोली जाएगी। तत्पश्चात सबसे कम दर देने वाली कंपनी को चुना जाएगा।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी साल 23 जनवरी को वर्चुअल माध्यम से इस इनडोर स्टेडियम का लोकार्पण किया था। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप का आगाज भी किया था। इंडोर स्टेडियम में शूटिंग के अलावा कई और दूसरी खेल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। शूटिंग रेंज की क्षमता 500 दर्शकों की है। इसका निर्माण 8040 वर्ग मीटर में किया गया है।
इसको बनाने में तकरीबन 101 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस स्टेडियम में 4000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इस नवनिर्मित इनडोर स्टेडियम में बैडमिटन, जिम्नास्ट, फेंसिंग बॉक्सिंग, रेसलिग, बास्केटबॉल, लॉग टेनिस, हैंडबॉल, वेट लिफ्टिंग, टेबल टेनिस, बॉलीवाल सहित अन्य खेलों की सुविधा है। इसीलिए प्राधिकरण एक संचालन कंपनी की तलाश में है, जो इसे व्यवस्थित रख सके।
प्राधिकरण अपनी तरफ से कंपनियों के लिए बार-बार टेंडर जारी कर रहा है। पर, ज्यादातर संस्थान इनडोर स्टेडियम व शूटिंग रेंज के संचालन में रूचि नहीं दिखा रहीं। अथॉरिटी ने आधा दर्जन बार से ज्यादा आरएफपी जारी किया है। माना जा रहा है कि ज्यादातर कंपनियां जांच एजेंसियों के कड़ी प्रक्रिया से गुजरना नहीं चाहतीं। इसलिए वेंडर मिलने में मुश्किल आ रही है। यहां फाइलों की जांच ज्यादा सख्ती से होती है। अगर बुधवार को किसी कंपनी का आवेदन नहीं मिला, तो प्राधिकरण फिर से आरएफपी जारी करेगा।
*इन खेलों की मिलेगी सुविधा*
हैंड बॉल 1 नग बॉक्सिंग 3 नग
बास्केट बॉल 2 नग फेंसिंग 2 नग
बैडमिटन 8 नग जूडो 2 नग
टेबल टेनिस 14 नग कुश्ती 2 नग
वॉलीबॉल 3 नग भारोत्तोलन (वेट-लिफ्टिंग) 1 नग
जिमनास्टिक 3 नग ताइक्वांडो 2 नग
*तीन रेंज के शूटिग स्टेशन तैयार*
10 मीटर रेंज 33 स्टेशन
25 मीटर रेंज 16 स्टेशन
50 मीटर रेंज 37 स्टेशन
*लागत*
इंडोर स्टेडियम 101 करोड़ रुपये
शूटिंग रेंज 14 करोड़ रुपये !!



























Comments