बाघिन का कहर, महिला को उठा ले गई, गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव
लखीमपुर खीरी Jan 11, 2026 at 06:35 PM , 177लखीमपुर खीरी। नरभक्षी बाघिन का आतंक बढ़ता जा रहा है। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में चारा काट रही महिला को बाघिन उठा ले गई। 12 घंटे बाद गन्ने के खेत में महिला का अधखाया शव मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
शाम ढलते ही खौफ ने लखीमपुर खीरी के एक गांव को अपनी चपेट में ले लिया। जंगल से सटे इलाके में चारा काट रही एक महिला को नरभक्षी बाघिन अचानक उठा ले गई। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद अगली सुबह गन्ने के खेत से महिला का अधखाया शव बरामद हुआ। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सहमे हुए हैं।
घटना शनिवार शाम की है, जब दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन स्थित निघासन वन रेंज के थाना तिकुनियां क्षेत्र के महाराज नगर गांव में यह हादसा हुआ। वन विभाग के अनुसार, नरभक्षी बाघिन अपने दो शावकों के साथ शिकार की तलाश में आबादी वाले इलाके में आ गई थी। इसी दौरान उसने खेत के पास चारा काट रही महिला पर हमला कर दिया।मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय ऊषा देवी के रूप में हुई है। वह अपनी पड़ोसी 32 वर्षीय गूंधगूंनी देवी के साथ शनिवार की शाम जंगल से सटे क्षेत्र में चारा काट रही थी। गूंधगूंनी देवी के मुताबिक, अचानक बाघिन ने ऊषा देवी पर हमला किया, उसकी गर्दन दबोचकर उसे गन्ने के खेत की ओर खींच ले गई। यह देख वह घबराकर भागी और शोर मचाया।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे रेंजर भूपेंद्र सिंह और उनकी टीम ने रात भर कांबिंग ऑपरेशन चलाया। रविवार सुबह उसी गन्ने के खेत से ऊषा देवी का अधखाया शव बरामद किया गया महिला की मौत की खबर फैलते ही महाराज नगर गांव सहित आसपास के कई गांवों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही और जंगली जानवरों की सही ट्रैकिंग न होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।वन विभाग की टीमें पगमार्क के सहारे नरभक्षी बाघिन का पीछा कर रही हैं। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को जंगल व खेतों की ओर अकेले न जाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन का कहना है कि बाघिन को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है, ताकि किसी और जान का नुकसान न हो।






_page-0001.jpg)
























Comments