गन्ना बकाया भुगतान को लेकर किसानों का उग्र प्रदर्शन तीन घंटे मिल का चक्का रहा जाम

लखीमपुर खीरी , 141

40 करोड़ बकाया न मिलने पर चीनी मिल में हंगामा, डोंगा में कूदे किसान

(वीके त्रिपाठी/केके शुक्ला)

पलिया कलां/लखीमपुर। शुक्रवार को पलिया की बजाज चीनी मिल पर किसानों का‌ बकाया करीब 40 करोड़ रुपये का पिछला गन्ना भुगतान बकाया होने से किसानों के सब्र का‌ बांध टूट गया और किसान मिल के डोंगे में कूदे जिसके बाद मिल का चक्का जाम हो गया।
      मामले में मिली जानकारी के अनुसार नए पेराई सत्र का लगभग 50 फीसदी गन्ना किसान पहले ही मिल को आपूर्ति कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक पिछला बकाया भुगतान नहीं हो सका, बकाया भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को चीनी मिल परिसर में जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन को उग्र रूप देते हुए कई किसान डोंगा में कूद गए। 
      इससे मिल प्रबंधन में हड़कंप मच गया,प्रदर्शन कर रहे किसान तरसेम सिंह, सोनी, देवेंद्र सिंह व बब्लू चौधरी आदि ने बताया कि गन्ना भुगतान न मिलने से किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं, किसानों के रोजमर्रा खर्चे चलाना मुश्किल हो गया है बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है,जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो गयी है।
      किसानों का कहना है कि खेती-किसानी पूरी तरह गन्ने पर निर्भर है और भुगतान न मिलने से उनका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।किसानों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक मिल प्रबंधन उनका बकाया भुगतान नहीं करेगा, तब तक वे मिल का चक्का नहीं घूमने देंगे। किसानों के उग्र रुख को देखते हुए मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
     खबर लिखे जाने तक मिल प्रबंधन की ओर से भुगतान को लेकर कोई ठोस आश्वासन सामने नहीं आया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Related Articles

Comments

Back to Top