70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित हुआ बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम
लखीमपुर खीरी Jan 08, 2026 at 06:10 PM , 142(हरिशंकर मिश्र)
लखीमपुर खीरी। 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी के राजन कुमार श्रीवास्तव कमान्डेंट के नेतृत्व में एवं प्रदीप सिंह ;सहायक कमान्डेंट कि उपस्थिति में ई समवाय, कतर्नियाघाट में जवानों को वित्तीय सशक्तिकरण एवं बैंकिंग जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों/कार्मिकों को CAPF/Paramilitary Account से जुड़ी बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वित्तीय प्रबंधन हेतु प्रेरित करना रहा ।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) गिरजापुरी के शाखा प्रबंधक द्वारा उपस्थित कार्मिकों को CAPF/Paramilitary Account से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें वेतन खाता, विशेष बैंकिंग सुविधाएँ, बीमा लाभ, ऋण सुविधाएँ, डिजिटल बैंकिंग सेवाएँ, खाता नामांकन प्रक्रिया तथा भविष्य में मिलने वाले आर्थिक लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया गया ।
इस अवसर पर डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियाँ, बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला गया । बैंक प्रबंधक द्वारा उदाहरणों के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि सही जानकारी एवं सतर्कता से आर्थिक जोखिमों से बचा जा सकता है ।
कार्यक्रम के दौरान कार्मिकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया गया । उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि जवानों का वित्तीय रूप से सशक्त होना न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए आवश्यक है, बल्कि यह उनकी सेवा दक्षता एवं मनोबल को भी सुदृढ़ करता है ।
कार्यक्रम के अंत में कार्मिकों से अपील की गई कि वे उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं का सही एवं सुरक्षित उपयोग करें तथा अपने सहकर्मियों एवं परिवारजनों को भी वित्तीय जागरूकता के प्रति प्रेरित करें। उपस्थित कार्मिकों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया ।
70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।































Comments