व्यापारी का चलती बस से 84 हजार का किराना का सामान गायब

लखीमपुर खीरी , 155

व्यापारी का चालक-परिचालक पर मिलीभगत का आरोप

 

पलिया कलां खीरी। रविवार को लखीमपुर से पलिया लौट रहे एक व्यापारी के साथ चलती निजी बस में 84 हजार रुपये मूल्य के किराना सामान की चोरी का मामला सामने आया है। गौरतलब है कि पलिया निवासी व्यापारी अमित कुमार बंसल ने बस के चालक और परिचालक पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़ित व्यापारी अमित बंसल ने बताया कि उन्होंने रविवार को लखीमपुर से किराना सामान खरीदा था। बस अड्डे पर उन्होंने निजी यात्री बस में अपना सामान रखा। बंसल के अनुसार, उन्होंने सामान बस के अंदर रखने को कहा था, लेकिन चालक और परिचालक ने उसे पीछे की डिग्गी में रखने पर जोर दिया।बस लखीमपुर से चलकर जैसे ही महेंवागंज के पास पहुंची, तभी पीछे से आए दो बाइक सवारों ने चालक को बताया कि डिग्गी से सामान गिर रहा है। चालक ने बस रोकी। जब अमित बंसल नीचे उतरकर सामान देखने पहुंचे, तो 84 हजार रुपये कीमत का एक पैकेट गायब मिला।यह उल्लेखनीय है कि बस की डिग्गी लॉक थी, जिससे रास्ते में सामान का गायब होना कई सवाल खड़े करता है। अमित बंसल ने इस चोरी में चालक और परिचालक की मिलीभगत की आशंका जताई है।घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित व्यापारी पुलिस को सूचना देने की तैयारी कर रहे हैं।बस यूनियन के मैनेजर रिंकू सिंह ने बताया कि जांच करने पर बस की डिग्गी लॉक मिली। उन्होंने कहा कि सामान कैसे गायब हुआ, इसकी जानकारी की जा रही है। उन्होंने बस कंडक्टर को पूरे मामले की जानकारी जुटाने के लिए भेजा है और व्यापारी को उसके नुकसान का मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Comments

Back to Top