अगर ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं, तो बड़ा हादसा तय

लखीमपुर खीरी , 145

मोहम्मदी खीरी क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का बेखौफ संचालन लगातार आमजन की जान के लिए खतरा बना हुआ है। भारी भरकम ओवरलोड ट्रक व डंपर मुख्य सड़कों से लेकर ग्रामीण मार्गों तक बिना किसी रोक-टोक के फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। यदि समय रहते इन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो किसी दिन बड़ा हादसा होना तय माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, साथ ही पैदल चलने वालों, दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। कई बार वाहन पलटने या अनियंत्रित होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते ओवरलोडिंग का यह खेल लगातार फल-फूल रहा है। चेकिंग के नाम पर कभी-कभार औपचारिक कार्रवाई तो होती है, लेकिन उसका स्थायी असर कहीं नजर नहीं आता।
जनता ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, नियमित जांच हो और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top