क्रिसमस पर श्रद्धालुओं की भीड़:अमन-शांति की दुआ मांगी गई विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं आयोजित

लखीमपुर खीरी , 111

लखीमपुर खीरी क्रिसमस का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हिदायत नगर चौराहे के पास स्थित चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जहां विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इस दौरान देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं।ईसाई समाज के लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन 25 दिसंबर को "क्रिसमस-डे" के रूप में मनाया गया। शहर के चर्चों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और क्रिसमस ट्री को रोशनी व रंग-बिरंगी सजावट से संवारा गया।हिदायत नगर चौराहे के पास स्थित चर्च में सुबह 10 बजे से विशेष प्रार्थना सभाएं शुरू हुईं। चर्च परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु से देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।इस अवसर पर चर्च में प्रभु यीशु के जन्म से जुड़े संदेशों का वाचन किया गया, जिसमें प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश दिया गया। क्रिसमस कैरोल्स और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर उत्साह देखा गया।
चर्च में कार्यरत पादरी विजय भारती ने बताया कि सुबह 10 बजे से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और प्रार्थनाओं का सिलसिला दिन भर जारी रहा। उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, त्याग और शांति का पर्व है, जो समाज को एकजुटता का संदेश देता है।
क्रिसमस पर्व को लेकर पूरे शहर में सौहार्दपूर्ण और उल्लास का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Comments

Back to Top