पुरुष नसबंदी पखवाड़ा संपन्न: चार पुरुष व 256 महिलाओं की नसबंदी, गांव-गांव पहुंची परिवार नियोजन सेवाएं

लखीमपुर खीरी , 125

लखीमपुर खीरी। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक मनाए गए पुरुष नसबंदी पखवाड़े में जनपद में चार पुरुषों सहित 256 महिलाओं की नसबंदी कराई गई। इस अवधि में परिवार नियोजन संबंधी अन्य सेवाएं भी व्यापक रूप से प्रदान की गईं।

परिवार नियोजन प्रबंधक पद्माकर त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित पखवाड़े के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाया गया। इस अभियान में चार पुरुषों की नसबंदी, 256 महिलाओं की नसबंदी, 317 महिलाओं में कॉपर-टी की स्थापना, 398 अंतरा इंजेक्शन का प्रयोग, 1455 माला-एन तथा 1190 छाया गोलियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. आरएम गुप्ता ने बताया कि एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर सेवाएं प्रदान की हैं। जिला चिकित्सालय के सर्जन द्वारा सुरक्षित नसबंदी प्रक्रियाओं को संपन्न कराया गया। साथ ही आम जनमानस में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।

*बताए गए परिवार नियोजन के प्रमुख लाभ*

सीएमओ डॉक्टर संतोष गुप्ता ने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़े के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों तक परिवार नियोजन के लाभ नव दंपति सहित आम जनमानस को बताए गए हैं, जिनमें परिवार का आर्थिक, स्वास्थ्य और सामाजिक रूप से बेहतर विकास, माता-पिता तथा बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, बच्चों में कुपोषण, मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु के जोखिम में कमी, महिलाओं को स्वस्थ अंतराल और सुरक्षित मातृत्व का अवसर, दंपतियों के जीवन स्तर में सुधार, अधिकारियों ने बताया कि परिवार नियोजन न केवल मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि बेहतर और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।

Related Articles

Comments

Back to Top