*धौरहरा में महेश गंभीर की मुहिम से मिट्टी माफियाओं पर कार्रवाई, लेकिन आम जनता भी परेशान*

लखीमपुर खीरी , 293

धौरहरा, खीरी। शिक्षा संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश गंभीर के अथक प्रयासों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में सक्रिय मिट्टी खनन माफियाओं पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, आज धौरहरा क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई के दौरान एक ट्राली जब्त की, जबकि दो ट्रालियां मौके से फरार हो गईं। फरार ट्रालियों की तलाश में पुलिस व प्रशासन की टीम लगातार दबिश दे रही है।

सूत्रों के अनुसार, धौरहरा कोतवाली प्रभारी शिवाजी दुबे के नेतृत्व में कफारा गांव में चल रही अवैध मिट्टी खनन की एक ट्राली को जब्त किया गया। यह कार्रवाई शिक्षा संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश गंभीर द्वारा लगातार उठाई जा रही शिकायतों के बाद की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महेश गंभीर के निरंतर प्रयासों से ही प्रशासन अब सक्रिय हुआ है। उनकी पहल से क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि महेश गंभीर ने करीब एक माह पहले यह घोषणा की थी कि यदि कोई व्यक्ति अवैध मिट्टी खनन की सूचना देगा, तो उसे ₹5000 का इनाम दिया जाएगा और उसका नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। इसके बाद हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी किया था जिसमें बताया गया कि शिक्षा संघर्ष मोर्चा की ओर से तीन टीमों का गठन किया जा रहा है, जो रात्रिकालीन गश्त करेंगी और अवैध खनन की सूचना सीधे उन्हें देंगी।

महेश गंभीर ने कहा था कि “जब अधिकारी कार्रवाई नहीं करेंगे, तब हमारी टीमें मौके पर जाकर स्थिति की जानकारी देंगी और मैं स्वयं कार्रवाई करवाऊंगा।”

हालांकि, दूसरी ओर जनता के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा भी बनी हुई है। कुछ लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के लिए भी मिट्टी की आवश्यकता होती है। ऐसे में प्रशासनिक सख्ती से आम जनमानस को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल, प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और कई स्थानों पर खनन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। महेश गंभीर ने स्पष्ट कहा है कि जब तक क्षेत्र से अवैध खनन पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top