चारा लेने गया युवक तेंदुए का शिकार बना

लखीमपुर खीरी , 152

धौरहरा खीरी। रविवार की सुबह खेत में चारा लेने गये युवक तेंदुए का शिकार बन गया।दोपहर बाद तक उसके घर वापस न पहुंचने पर तलाश के लिए निकले परिवार जनों को उसका अधखाया शव गन्ने के खेत में मिला।
मिली जानकारी के अनुसार वन रेंज धौरहरा के ग्राम दोंदरा पंडितपुरवा निवासी पैकरमा का 35 वर्षीय पुत्र मुन्नालाल रविवार की सुबह सात बजे मवेशियों के लिए चारा लेने गया खेतों को गया था। गांव के बाहर लोकईपुरवा निवासी शंकर के गन्ने के खेत में वह घास काटने के लिए घुसा तो खेत में मौजूद तेंदुए ने उसे शिकार बना लिया। तेंदुआ उसका दाहिना पैर खाकर चला गया और मन्नालाल की मौत हो गई।दोपहर तक जब मन्नालाल घर वापस नहीं लौटा तो घर वालों को चिंता हुई और वह अन्य ग्रामीणों के साथ उसे तलाश करने निकले। खोज के दौरान शंकर के खेत में मन्नालाल का अधखाया शव मिला,जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी तो दोनों विभाग के लोग घटना स्थल पर पहुंचे।

रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी ने हमेशा की तरह फोन नहीं उठाया,और वन दरोगा राजेश दीक्षित ने कहा कि वह घटना स्थल पर जा रहे हैं।समाचार प्रेषण तक प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top