*आश्रम में वृद्धजन से एडीएम ने की मुलाकात, जाना हाल-चाल*

लखीमपुर खीरी , 294

लखीमपुर खीरी, 28 सितंबर। समाज कल्याण विभाग द्वारा वित्तपोषित नौरंगाबाद स्थित वृद्धा आश्रम का गत दिवस एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम की व्यवस्था, बुजुर्गों की देखरेख और स्वास्थ्य सेवाओं का गहराई से जायजा लिया। एडीएम ने मौके पर मौजूद सभी जिम्मेदार अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि बुजुर्गों की देखभाल में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने चिकित्सकों और आयुर्वेदिक डॉक्टर को निर्देश दिया कि वृद्धजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए पोषणयुक्त आहार और समय पर चिकित्सा सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।

एडीएम ने आश्रम परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम का हर कोना साफ-सुथरा और स्वच्छ दिखना चाहिए, ताकि बुजुर्गों को रहने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

साथ ही, जिला समाज कल्याण अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं बिस्तर, स्वच्छ पानी, बिजली और स्वच्छ शौचालय, समय पर और लगातार मिलती रहें।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि आश्रम की व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से और बेहतर किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top