*लखीमपुर में पिलर से टकराई नाव पलटी दो लापता; DM दुर्गा शक्ति नागपाल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाथ थाम बढ़ाया हौसला*

लखीमपुर खीरी , 234

लखीमपुर खीरी, 06 सितंबर। तहसील लखीमपुर के ब्लॉक नकहा क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नौवापुर से बिल्हौरा जा रही एक बड़ी नाव अचानक टकराकर पलट गई। नाविक के अनुसार नाव पर करीब 10 से 15 लोग सवार थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकले। सूचना पाते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। दो को छोड़कर शेष सभी लोग सकुशल बाहर निकाल लिए गए, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ की टीम को तत्काल खोजबीन में लगाया। राहत-बचाव दल लगातार गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कर रहा है। मौके पर अफसरों की निगरानी में तेजी से सर्च ऑपरेशन जारी है। इस दौरान सीओ सिटी, तहसीलदार सहित राजस्व टीम मौजूद रही।

*डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर बंधाया ढांढस*
हादसे से प्रभावित लोगों का हालचाल जानने के लिए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा नकहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां नाव पलटने से गश खाकर प्रभावित हुई महिला माधुरी का हालचाल लिया। डीएम ने माधुरी का हाथ थामकर ढाढ़स बढ़ाया और अपने हाथों से बिस्किट, फ्रूटी और पानी की बोतल दी। उन्होंने पास मौजूद परिजनों व महिला सदस्यों से कहा कि इस कठिन समय में माधुरी को भावनात्मक सहारा दें।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित महिला का हर हाल में समुचित इलाज व देखभाल सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि प्रशासन पूरी मजबूती से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

इस दौरान एसपी संकल्प शर्मा ने भी पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही सफलता मिलेगी। गांव के लोगों ने बताया कि नाव पर रोजाना ग्रामीण आवागमन करते हैं। प्रशासन वहां मौजूद रहकर हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top