लखीमपुर में 36 केंद्रों पर होगी आरओ-एआरओ परीक्षा : डीएम ने की बैठक, 36 परीक्षा केंद्रों पर 14784 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

लखीमपुर खीरी , 133

*डीएम ने की बैठक : बोली- छोटी गलती भी होगी अक्षम्य*


*आयोग के समन्वय पर्यवेक्षक ने सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापको को बताई बारीकियां, दिया प्रशिक्षण*

(फोटो 01)

लखीमपुर खीरी 21 जुलाई। जिले में 27 जुलाई को उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा 36 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली (सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक) में समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा होगी, जिसमें 14784 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आरओ-एआरओ परीक्षा कुशलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर बैठक की। 


बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी एक अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर की गई छोटी से छोटी चूक भी अक्षम्य मानी जाएगी। डीएम ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की भलीभांति जांच कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरा, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, तथा सीटिंग प्लान के अनुरूप बैठाने जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।


डीएम ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा की गाइडलाइन को अच्छी तरह पढ़ें ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना शून्य रहे। हर अभ्यर्थी की आईडी जांचना अनिवार्य होगा, और परीक्षा नियमों का एक भी उल्लंघन पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में ला सकता है। सभी अधिकारी पूर्वाभ्यास के तौर पर केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


एएसपी पवन गौतम ने कहा कि इस परीक्षा पर पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी। स्पेशल सेल एक्टिव रहेगा। इसलिए इन परीक्षाओं की संवेदनशीलता को समझते हुए आप में से कोई भी किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं

बरतेगा। 


*एडीएम और समन्वयी पर्यवेक्षक ने साझा की जरूरी जानकारियां*

बैठक की शुरुआत में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर और समाप्ति तक के सभी बिंदुओं के बारे में बैठक में शामिल सभी को अवगत कराया। आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अफसरों को परीक्षा में उनके उत्तरदायित्व बताएं। आयोग से नामित समन्वयी पर्यवेक्षक दिनेश पांडेय ने परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी देकर संबंधित को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने पूछे गए प्रश्नो का सारगर्भित उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।

बैठक में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

---------

श्रावण मास की छठा में सराबोर हुआ सरस्वती विद्या मंदिर तीज स्पेशल बैगलेस एक्टिविटी का आयोजन


लखीमपुर खीरी।श्रावण मास की छटा में सराबोर हुआ सरस्वती विद्या मंदिर, तीज स्पेशल बैगलेस एक्टिविटी का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सीबीएसई, विद्यालय में श्रावण मास के पावन अवसर पर प्राथमिक विभाग के भैया-बहनों द्वारा "तीज स्पेशल - सावन थीम" पर एक विशेष बैगलेस एक्टिविटी दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रावण मास की पारंपरिक व सांस्कृतिक महत्ता से विद्यार्थियों को परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा साहनी एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रमिला के साथ उप प्रधानाचार्य श्री आलोक ने कार्यक्रम की शुरुआत की। मंच संचालन की जिम्मेदारी आचार्या बहन निधि ने निभाई जबकि प्राची द्वारा टीका व बैच वितरण किया गया।

श्रावण माह की शिव महिमा का मार्मिक वर्णन भी आचार्या बहन निधि द्वारा किया गया। आचार्य अभिषेक एवं स्वस्ति वाचन टोली ने स्वागत पूजन एवं आरती कार्यक्रम को भक्ति भाव से सम्पन्न कराया।

कार्यक्रम के दौरान भैया-बहनों ने शिव स्तुति पर मधुर भजन प्रस्तुति से सभी को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लिया जिनमें क्ले आर्ट, मेहंदी आर्ट, सलाद डेकोरेशन, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं रैंप वॉक शामिल थे।

समस्त अतिथिओं द्वारा सभी प्रतियोगिताओं का गहन अवलोकन किया गया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की गई।

कार्यक्रम के समापन पर आचार्या बहन प्राची ने उपस्थित सभी अतिथियों, आचार्यगण एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

--------

आदर्श मूक बधिर विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया


लखीमपुर खीरी।आदर्श मूक बधिर विद्यालय में एक विशेष बैठक एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ० मनोज शर्मा (नाक कान गला विशेषज्ञ, जिला अस्पताल लखीमपुर) द्वारा विद्यालय के सभी विद्यार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बच्चों को मिठाइयाँ भी वितरित की गईं, जिससे उनमें हर्ष और उत्साह का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार तोलानी ने की और विशिष्ट अतिथि के रूप में  के०एस०चीमा (सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक, इंडियन बैंक) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने विद्यालय की सेवाओं की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में रामदुलारे वर्मा (संस्थापक/प्रधानाचार्य), नीरज वर्मा, सरिता वर्मा, सरोज वर्मा, भारती वर्मा, राहुल वर्मा, अनामिका देवी, शिवानी सिंह, अद्भुता, एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की और विद्यालय द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

--------

अभाविप गोला मे एक दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग संपन्न


लखीमपुर खीरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) लखीमपुर विभाग के गोला जिले में एक दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभ्यास वर्ग में चार सत्रों सैद्धांतिक भूमिका कार्य पद्धति सदस्यता और नगर इकाई पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रांत से प्रवासी के रूप में लक्ष्मी पाण्डेय उपस्थित रहीं। अभ्यास वर्ग में विभाग संयोजक श्री अजय पाण्डेय ने कार्य पद्धति सत्र लिया जिसमे जिले के कार्यकर्ताओ को विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति को बताया, वहीं श्री अभिनव जी ने सदस्यता और नगर इकाई सत्रों का नेतृत्व किया। लक्ष्मी पाण्डेय ने सैद्धांतिक भूमिका सत्र में अभाविप के वैचारिक आधार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। 

इस अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं ने संगठन की कार्यप्रणाली, सदस्यता विस्तार और नगर इकाई के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभाविप के कार्यकर्ताओं को संगठन के कार्यों में और अधिक निपुणता प्रदान करना था। 

अभ्यास वर्ग मे मुख्य रूप से गोला जिले के जिला संगठन मंत्री सत्यम दुबे ,जिला प्रमुख प्रमोद,जिला संयोजक आशुतोष कुमार विभाग छात्रा संयोजक आंचल श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

------


हिंदू युवावाहिनी की मीटिंग हुई संपन्न


लखीमपुर खीरी। ब्लाक मितौली में हिंदू युवा वाहिनी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई, जिसमें ब्लाक मितौली हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष की नियुक्ति की गई। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाध्यक्ष श्री सूरज तिवारी, मोहम्मदी नगर अध्यक्ष मोनिल राठौर, ब्लाक अध्यक्ष मोहम्मदी रमन सिंह , कुम्भी ब्लाक उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, सुमित शुक्ला , अवनीश तिवारी, आनंद वाजपेई, आयुष भदौरिया , गोपाल तिवारी सहित समस्त हिंदू युवा वाहिनी परिवार के कार्यकर्ता गण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर ब्लाक मितौली की नवगठित टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। संगठन को सशक्त, अनुशासित व राष्ट्रहित में कार्य करने हेतु सभी को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात अमीरनगर चौकी में एक विवाद का सुलह समझौता कराया। 

Related Articles

Comments

Back to Top