पैतृक मकान के विवाद की शिकायत की
लखीमपुर खीरी Oct 01, 2026 at 07:40 PM , 15धौरहरा, खीरी। नगर पंचायत धौरहरा के मोहल्ला मनिहार वार्ड,वर्तमान हिदायत नगर निवासी अलीयार पुत्र बरकत अली ने अपने पैतृक मकान को लेकर विवाद की शिकायत अधिकारियों से की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लंबे समय से बाहर रहने के दौरान उनके भतीजों ने मकान पर कब्जा कर लिया। अलीयार ने मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ ही एसडीएम धौरहरा व नगर पंचायत में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराकर मकान से संबंधित अपना अधिकार दिलाए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित ने शिकायती पत्र के अनुसार कस्बा धौरहरा में उनका पुश्तैनी मकान है।करीब 20 वर्ष पूर्व वह रोजी-रोटी की तलाश में ग्राम तेलियार,तहसील निघासन क्षेत्र चले गए थे। उनका कहना है कि बाहर रहने के बावजूद वह समय-समय पर धौरहरा स्थित अपने पैतृक घर आते-जाते रहे। उन्होंने बताया कि मकान से संबंधित गृहकर नगर पंचायत में जमा होता रहा है और इसकी रसीदें भी उनके पास उपलब्ध हैं।
अलीयार ने अपनी शिकायत में अपने भतीजों सफीक,अलीम व सलीम पुत्रगण इदरीस पर मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब वह मकान पर पहुंचे तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और उनके साथ मारपीट कर उन्हें वहां से जाने को कहा गया। हालांकि,इस संबंध में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।पीड़ित ने प्रशासन से मकान से जुड़े दस्तावेजों,गृहकर की रसीदों और नगर पंचायत के अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।उनका कहना है कि जांच के आधार पर मामले का नियमानुसार समाधान कराया जाए और यदि उनके दावे सही पाए जाएं तो उन्हें मकान पर उनका अधिकार दिलाया जाए।
मामला शिकायत के स्तर पर है। प्रशासनिक जांच और दोनों पक्षों के दस्तावेजों एवं बयानों के आधार पर ही मकान के स्वामित्व तथा कब्जे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।अधिशासी अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद है मामले की जांच की जा रही है।






_page-0001.jpg)
























Comments