*भारी बारिश से फसल नुकसान पर किसान कांग्रेस मुखर, मुआवजे और बीमा राशि के शीघ्र भुगतान की मांग।*
लखीमपुर खीरी Oct 01, 2026 at 05:35 PM , 0पलियाकलां। लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसान कांग्रेस ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष किसान कांग्रेस बृज मौर्या के आह्वान पर पूरे प्रदेश में तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन दिए गए।
पलियाकलां तहसील में जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस अनिल राजवंशी की अगुवाई में सौंपे गए ज्ञापन में प्रभावित किसानों की फसलों का कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराने की मांग की गई। किसान कांग्रेस ने सर्वे के दौरान फसल क्षति का उचित अभिलेखीकरण, जियो-टैगिंग और फोटोग्राफी कराने की मांग रखी, ताकि कोई पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।
ज्ञापन में प्रभावित किसानों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र फसल क्षति मुआवजा देने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर बीमा दावा राशि का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
किसान कांग्रेस ने ग्रामवार प्रभावित किसानों की सूची सार्वजनिक करने, खेतों में खड़ी फसलों के साथ कटाई के बाद बारिश से प्रभावित फसलों का भी नियमानुसार आकलन कराने और पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश सचिव किसान कांग्रेस राम चंद्र प्रधान, एडवोकेट रामू त्रिवेदी, आदिल खान, एडवोकेट अशर्फीलाल शर्मा, एडवोकेट राजीव भार्गव, एडवोकेट राम लखन, पूर्व नगर अध्यक्ष पलिया आबिद हुसैन उर्फ कमर सहित किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किसान कांग्रेस ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ा रहना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसानों को उचित मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।






_page-0001.jpg)
























Comments