बजाज मिल मालिकों को विधायक अमन अरविंद गिरि की नाराजगी का सामना, किसानों के हित में सख्त कार्रवाई के संकेत
लखीमपुर खीरी Sep 28, 2026 at 08:20 PM , 2गोकर्णनाथ। गन्ना किसानों की समस्याओं, समिति के कार्यों और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर आयोजित बैठक में विधायक अमन अरविंद गिरि ने अधिकारियों और बजाज चीनी मिल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने कहा कि “जो किसान का सम्मान करेगा, उसी का सम्मान किया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों से संबंधित किसी भी कार्य को लंबित करने वाले अधिकारी अपने ऊपर कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बैठक में हाल ही में हुई बारिश से प्रभावित किसानों और परिवारों का मूल्यांकन कराकर पात्र काश्तकारों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की बात भी कही गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का आकलन कराने और किसानों तक राहत पहुंचाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में समिति के कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं एवं बजट, गन्ना किसानों की सुविधाओं तथा उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक प्रस्तावों पर चर्चा की गई। विधायक ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।






_page-0001.jpg)
























Comments