लगातार हो रही बारिश से जलभराव की स्थिति का पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने किया निरीक्षण
लखीमपुर खीरी Sep 26, 2026 at 05:35 PM , 0गोला गोकर्णनाथ। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थिति को देखते हुए पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा एवं पालिका कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग के माध्यम से जल निकासी, नालियों की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पालिका कर्मचारियों को जल निकासी व्यवस्था को लगातार सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने जर्जर एवं कमजोर भवनों में रहने वाले परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर बरसात के दौरान घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर रहने का निवेदन किया। उन्होंने परिवारों से कहा कि बारिश थमने तक नगर पालिका के रैन बसेरे में ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में भारी बारिश हो रही है, इसलिए सभी लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और केवल आवश्यक कार्य होने पर ही बाहर निकलें। जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों एवं विद्युत खंभों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।
उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली चमकने या गरजने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर रहें। मोबाइल फोन का प्रयोग आवश्यक होने पर ही करें और विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका की टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल निकासी, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। नगरवासियों से अपील है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन का सहयोग करें तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।






_page-0001.jpg)
























Comments