घर में घुसकर चाकू की नोंक पर 16 हजार व जेवरात लूटे, जान से मारने की धमकी

लखीमपुर खीरी , 10

लखीमपुर-खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौरंगाबाद में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोहल्ला निवासी सलमान अली पुत्र एहसान अली के घर में सोमवार तड़के करीब चार बजे दो नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घुस गए और चाकू की नोंक पर 16 हजार रुपये नकद व कीमती जेवरात लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित के अनुसार वह जानकी कुआं के पास स्थित मकान में अकेले रहता है। उसके दो मकान हैं। दोनों बदमाश पड़ोस से खुली छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे, उनके चेहरे मास्क व रुमाल से ढके हुए थे। पीड़ित के जागने पर बदमाशों ने उस पर चाकू तान दिया और धमकाते हुए लूटपाट की। जाते-जाते बदमाश धमकी दे गए कि पुलिस के पास गए तो घर में घुसकर गोली मारकर मौत की नींद सुला देंगे।

पीड़ित ने बताया कि भागते समय एक बदमाश की आवाज मोहल्ला अंसारी निवासी जुहेब पुत्र समीउद्दीन जैसी लग रही थी। घटना के बाद से पीड़ित दहशत में है और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। पीड़ित ने इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत संख्या 40015326052097 दर्ज कराई है।

साथ ही पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजने के साथ ही कोतवाली सदर प्रभारी व जेल गेट चौकी पर भी प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात बदमाशों व संदिग्ध के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लूटी गई नकदी व जेवरात बरामद करने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top