धौरहरा में पुलिसिया बर्बरता का आरोप, महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से पीटने और अभद्रता का मामला गर्माया

लखीमपुर खीरी , 10

धौरहरा खीरी:धौरहरा तहसील क्षेत्र से पुलिस उत्पीड़न और बर्बरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सिसैया खुर्द के रहने वाले दर्जनों ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिसकर्मियों पर बिना किसी कारण के घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को बेरहमी से पीटने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने क्षेत्राधिकारी धौरहरा को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्षेत्राधिकारी को सौंपे गए सामूहिक प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 14 सितंबर 2026 (सोमवार) की रात करीब 08:00 बजे की है। पीड़ित परिवार अपने घर पर मौजूद था, तभी अचानक लगभग 8 पुलिसकर्मी उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना कोई कारण बताए घर के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को लाठी-डंडों से इतनी बुरी तरह पीटा कि वे मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए।इसके बाद पुलिस ने घर के सदस्य राजेंद्र (पुत्र रामसेवक) और राममित्र (पुत्र अर्जुन) को जबरन हिरासत में ले लिया और थाने उठा ले गए।

महिलाओं से अभद्रता और कपड़े फाड़ने का आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं के साथ बेहद अश्लील और अभद्र व्यवहार किया। बर्बरता की हदें पार करते हुए महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए गए और उन्हें बालों से पकड़कर घसीटा गया, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। इस अचानक हुए हमले और बर्बरता से पूरा परिवार गहरे मानसिक सदमे में है।
ग्राम प्रधान और स्थानीय दबंगों के इशारे पर कार्रवाई का आरोप
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे सीधे-साधे खेती-किसानी करने वाले लोग हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने यह पूरी एकतरफा और अमानवीय कार्रवाई सिसैया कलां के वर्तमान ग्राम प्रधान भग्गू खां, उनके सहयोगी फुरकान (पुत्र कल्लू) और मन्ना के कहने पर दुर्भावनापूर्ण तरीके से अंजाम दी है।
पीड़ित पक्ष के कैलाश कुमार, रामसेवक, लालजी, श्रीराम, गुड्डू, सर्वेश, सौबरन लाल, बहादुर और तीरथराम सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान लगाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से समाज में उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों, ग्राम प्रधान भग्गू खां, फुरकान और मन्ना के खिलाफ तत्काल आपराधिक मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top