*रक्तदान महादान: 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन, सीएमओ ने की बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील*

लखीमपुर खीरी , 2

लखीमपुर खीरी। शासन द्वारा चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के दृष्टिगत लखीमपुर खीरी में 17 सितंबर 2026 को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज के शहर स्थित नवीन भवन में किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने जिले के सभी नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जीवन रक्षक बनने की अपील की है ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि रक्त एक शरीर का ऐसा अमूल्य  उतक है जिसे दुनिया के किसी भी कारखाने या प्रयोगशाला में नहीं बनाया जा सकता है। यह केवल एक इंसान द्वारा दूसरे इंसान को डोनेट करने से ही प्राप्त किया जा सकता है। किसी मरीज को जब रक्त की आवश्यकता होती है, तो कोई मशीन नहीं, बल्कि एक रक्तदाता ही उसका जीवन बचा सकता है। इसी उद्देश्य के साथ, शहर के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज परिसर, लखीमपुर-खीरी में 17 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10.00 बजे से रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है।

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर मन में किसी भी प्रकार का डर न रखें। समाज में अक्सर यह भ्रम रहता है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है, जो कि पूरी तरह से गलत और निराधार है। रक्तदान से शरीर को किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होता है। एक स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है।

*​रक्तदान करने के बेहतरीन फायदे:*

*​हृदय स्वास्थ्य में सुधार:* नियमित रक्तदान से रक्त में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे रक्त गाढ़ा नहीं होता और हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

*​नई कोशिकाओं का निर्माण:* जब आप रक्तदान करते हैं, तो शरीर तुरंत उसकी भरपाई के लिए काम करना शुरू कर देता है। इससे शरीर में नई और स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells) का निर्माण होता है, जो आपको अधिक ऊर्जावान बनाता है।

*​मुफ्त स्वास्थ्य जांच:* रक्तदान करने से पहले डोनर का एक मिनी हेल्थ चेकअप (जैसे ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, पल्स रेट आदि) होता है। इससे आपको अपने शरीर की स्थिति के बारे में बिना किसी खर्च के जानकारी मिल जाती है।

*​कैंसर का खतरा कम:* शरीर में अतिरिक्त आयरन के जमा होने से फ्री-रेडिकल्स बनते हैं जो कैंसर का कारण बन सकते हैं। रक्तदान से आयरन संतुलित रहता है, जिससे कैंसर का जोखिम भी कम होता है।

*​वजन नियंत्रण और फिटनेस:* एक बार रक्तदान करने से लगभग 650 कैलोरी बर्न होती है, जो वजन को नियंत्रित रखने और फिटनेस में सुधार करने में मदद कर सकती है।

​सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि आपका दान किया गया एक यूनिट रक्त दुर्घटना के शिकार, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और गर्भवती महिलाओं सहित तीन अलग-अलग लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने सभी युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनमानस से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर अपना योगदान दें और मानवता की मिसाल कायम करें।

Related Articles

Comments

Back to Top