किसानों की प्रमुख समस्याओं को लेकर जिला अधिकारी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन,

लखीमपुर खीरी , 2

गोला गोकर्णनाथ खीरी, किसानों की विभिन्न समस्याओं और धान खरीद व्यवस्था में सुधार सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अमन संधू एवं भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के पदाधिकारियों ने आज जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त एसडीएम तनवीर अहमद को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से किसानों की प्रमुख समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष रखते हुए धान के सरकारी क्रय केंद्र तत्काल शुरू कराने, सभी मंडियों में धान की बोली/नीलामी व्यवस्था सुचारू कराने तथा किसानों से होने वाली कथित अवैध कटौतियों पर रोक लगाने की मांग की गई।

किसान संगठनों ने मांग की कि धान की तौल, नमी जांच और भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा किसानों को अनावश्यक रूप से सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए महीनों इंतजार न करना पड़े।

इसके साथ ही पिछले पेराई सत्र का बकाया गन्ना भुगतान तत्काल कराने और आगामी पेराई सत्र में गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में आगामी गन्ना एवं गेहूं बुवाई को देखते हुए डीएपी, एनपीके और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने, बाढ़ एवं नदी/नाले के कटान से प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने तथा विद्युत विभाग द्वारा बिना वास्तविक जांच के घरेलू विद्युत कनेक्शन का लोड बढ़ाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी की गई।

किसान संगठनों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने, खाद प्राप्त करने, सिंचाई और विद्युत आपूर्ति सहित अन्य कृषि कार्यों में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय किसान यूनियन अमन संधू के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमनदीप सिंह संधू, युवा जिला अध्यक्ष जीतेंद्र पटेल, जिला उपाध्यक्ष राकेश वर्मा, युवा जिला उपाध्यक्ष उत्तम यादव, जिला महामंत्री अमर सिंह, राजवीर सिंह, सुखराज सिंह, गुरदेव सिंह, हरदेव सिंह, राजीव यादव, दिलजीत सिंह, राजीव वर्मा तथा भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

किसान संगठनों ने प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Comments

Back to Top