स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बदहाली का बोलबाला,स्वास्थ्य मंत्री को भेजा ज्ञापन

लखीमपुर खीरी , 1

यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन जल शक्ति मंत्री को दिया 

लखीमपुर खीरी।स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (ओयल) में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बदहाली को लेकर स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों में भारी रोष है। अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही के खिलाफ 'यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन' (इकाई लखीमपुर) और प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को सम्बोधित एक ज्ञापन जल शक्ति मंत्री रामकेश निषाद को दिया है।स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, अस्पताल परिसर में लगी लिफ्ट पिछले करीब दो महीनों से खराब पड़ी है। इस वजह से दूसरी और तीसरी मंजिल पर जाने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगों,महिलाओं और गंभीर मरीजों को सीढ़ियों या रैंप के सहारे ऊपर ले जाना पड़ रहा है। तीमारदार स्ट्रेचर या व्हीलचेयर को खुद खींचकर ले जाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी परेशानी दोगुनी हो गई है।
अस्पताल में डॉक्टरों के बैठने का कोई निश्चित समय तय नहीं है।दूर-दराज के गांवों से आने वाले गरीब मरीज दिनभर भटकने को मजबूर रहते हैं। कई डॉक्टरों के चैंबर के बाहर न तो उनके नाम की पट्टिका (नेमप्लेट) लगी है और न ही समय-सारणी उपलब्ध है, जिससे मरीजों को यह पता ही नहीं चल पाता कि कौन सा डॉक्टर कब मिलेगा।
परिसर के चारों ओर भारी जलभराव और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। दूषित पानी और जमा कचरे के कारण डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है। नागरिकों का कहना है कि अस्पताल खुद बीमारी का केंद्र बनता जा रहा है। इसके अलावा परिसर में कई बेहद पुराने और सूखे पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा पत्र
बंद पड़ी लिफ्ट को तुरंत ठीक कराया जाए।सभी डॉक्टरों के चैंबर के बाहर नाम की पट्टिका और ओपीडी की समय-सारणी (रोस्टर) अनिवार्य रूप से लगाई जाए।अस्पताल परिसर से जल निकासी और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।परिसर में मौजूद जर्जर और सूखे पेड़ों को वन विभाग के समन्वय से तत्काल हटाया जाए।इस पत्र को भेजने वालों में पत्रकार संघ के एपी सिंह (जिला महामंत्री, यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन), अभय वर्मा, सुनील वर्मा, मुनेन्द्र कुमार वर्मा, नितिन कुमार गुप्ता, आशीष कुमार गुप्ता और गोलू कनौजिया सहित समस्त जनपदवासी और तीमारदार शामिल हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top