*बाढ़ के पानी में उतर पड़े डीएम, पैंट चढ़ाई और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सुनी पीड़ा*
लखीमपुर खीरी Sep 06, 2026 at 10:08 PM , 3*ट्रैक्टर से रण्डौहा पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह, पैंट चढ़ाकर पानी में चले; प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा*
लखीमपुर खीरी, 06 सितंबर। रविवार को प्रशासनिक संवेदनशीलता और तत्परता का नजारा तहसील निघासन के ग्राम ग्रंट नंबर-12 के मजरा रण्डौहा में देखने को मिला। बाढ़ प्रभावितों का हाल जानने पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह ट्रैक्टर से गांव तक पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए रास्ते में भरे पानी की परवाह किए बिना पैंट ऊपर चढ़ाई और खुद पानी में उतरकर ग्रामीणों के बीच पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
*पानी में उतरकर जाना ग्रामीणों का हाल*
डीएम ने ग्रामीणों से उनके कुशलक्षेम के साथ आवागमन, घरों और बाढ़ से उत्पन्न अन्य समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से भी बातचीत की और उनकी स्थिति जानी। डीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
*तत्काल राहत के साथ स्थायी समाधान पर जोर*
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर भूमि की तलाश की जाए। उन्होंने भूमि चिह्नित कर वहां आवास निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
*‘कोई पात्र प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे’*
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रभावित पात्र परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र प्रभावित व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
*‘सरकार और प्रशासन आपके साथ खड़ा है’*
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए डीएम ने कहा कि मा.मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में शासन और प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन भी पूरी संवेदनशीलता के साथ आपके साथ खड़ा है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, राहत और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करना है। वापसी के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष फोकस करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है, इसलिए अभिभावक उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी, बीडीओ जयेश कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक, राजस्व अधिकारी कार्मिक मौजूद रहे।






_page-0001.jpg)
























Comments