*पत्रकारों पर हमले व उत्पीड़न के खिलाफ 7 सितंबर को राष्ट्रपति को ज्ञापन*

लखीमपुर खीरी , 3

*जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा ज्ञापन, दोषियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग*

गोरखपुर। ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के निर्देश पर पत्रकारों पर हो रहे हमले और उत्पीड़न के खिलाफ 7 सितंबर को सुबह 10:30 बजे जिलाधिकारी, गोरखपुर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।
इस संदर्भ में ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन गोरखपुर की बैठक मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जोन-1 के प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे, जबकि संचालन महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि देशभर में जिस तरह से पत्रकारों और अखबार मालिकों पर हमले व उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं, वह बेहद चिंताजनक और असहनीय है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के साथ जिस तरह की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई, वह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।
रहमानी ने कहा कि दिल्ली के पत्रकार इस घटना को लेकर आंदोलित हैं और पूरी रात जागकर न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने मांग की कि मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया जाए।
बैठक के मुख्य अतिथि दीनानाथ यादव ने महिला पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें सजा दिलाने की मांग की।
बैठक का संचालन करते हुए महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने कहा कि पत्रकारों पर आए दिन हो रहे हमले और फर्जी तरीके से दर्ज किए जा रहे मुकदमों जैसी घटनाओं को लेकर पूरा पत्रकार जगत चिंतित है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को लेकर ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन की ओर से 7 सितंबर को सुबह 10:30 बजे गोरखपुर जिलाधिकारी के माध्यम से देश के महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने, पत्रकारों को सुरक्षा प्रदान करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कायम रखने की मांग की जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से वकील अहमद, शेषनाथ जैसवार, विनय शर्मा, अमर प्रताप सिंह, राजेश शर्मा, शाहनवाज आलम, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार कुशवाहा, मुहम्मद अतीक, मुहम्मद जाकिर, रिम्शा खान, शिरिन परवेज, पूजा वर्मा, आबिद, परवेज आलम, अजय त्रिपाठी, सतीश कुमार, रविन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top