टैक्सियों का बेखौफ खेल, नजराना देकर नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां!

लखीमपुर खीरी , 4

(ओवरलोडिंग और यूपी टैक्स चोरी के आरोप, सुबह से शाम तक तमाम राज्यों के लिए भरती हैं फर्राटा)

पलिया कलां खीरी भारत-नेपाल सीमा से सटे गौरीफंटा बॉर्डर पर हरियाणा नंबर (HR) की टैक्सियों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, गौरीफंटा से दिल्ली और दिल्ली से गौरीफंटा के बीच रोजाना करीब दो दर्जन HR नंबर की टैक्सियां संचालित हो रही हैं। आरोप है कि इनमें से कई वाहन क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर लंबी दूरी का सफर कर रहे हैं और बिना उत्तर प्रदेश का निर्धारित टैक्स जमा किए दौड़ रहे हैं।
*क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने का आरोप*
सूत्रों का दावा है कि कई टैक्सियों की निर्धारित क्षमता 6 से 7 सवारियों की है, लेकिन अधिक कमाई के चक्कर में वाहनों में 7, 8 और यहां तक कि 9 सवारियां तक बैठाई जा रही हैं। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ओवरलोडिंग की स्थिति में वाहन दुर्घटना की स्थिति में बड़ा खतरा बन सकते हैं।
*बिना यूपी टैक्स के संचालन का भी दावा*
सूत्रों के अनुसार, कुछ HR नंबर की कमर्शियल गाड़ियों द्वारा उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए निर्धारित टैक्स जमा नहीं किए जाने का भी आरोप है। यदि यह आरोप सही पाया जाता है तो इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान के साथ-साथ परमिट और परिवहन नियमों के उल्लंघन का मामला भी सामने आ सकता है।
*शाम 3 से 7 बजे के बीच निकलने की चर्चा*
बताया जा रहा है कि गौरीफंटा से दिल्ली जाने वाली इन टैक्सियों के संचालन का समय भी लगभग तय है। सूत्रों के मुताबिक, रोजाना शाम 3 बजे से 7 बजे के बीच कई वाहन दिल्ली के लिए रवाना होते हैं। इसके बावजूद इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पीटीओ ने मांगा दो दिन का समय
मामले को लेकर जब पीटीओ कौशलेन्द्र यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्टाफ छुट्टी पर गया हुआ है। दो दिन का समय दीजिए, उसके बाद मामले को दिखवाता हूं।
अब देखना यह होगा कि परिवहन विभाग जांच के बाद इन वाहनों के परमिट, फिटनेस, टैक्स और सवारियों की क्षमता की जांच करता है या नहीं। यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित वाहनों पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Related Articles

Comments

Back to Top