*जलभराव देख डीएम ने मौके पर पकड़ी समस्या, दूसरा पंप लगाने के दिए निर्देश*

लखीमपुर खीरी , 4

*गंगोत्री नगर के लो-लैंड क्षेत्र में पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह, मोहल्लेवासियों से सीधे संवाद कर जानी परेशानी*

लखीमपुर खीरी, 03 सितंबर। गंगोत्री नगर के लो-लैंड क्षेत्र में जलभराव की सूचना पर बुधवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव की स्थिति देखी और मोहल्लेवासियों से सीधे संवाद कर समस्या की वास्तविक स्थिति जानी। एक पंप से पानी की निकासी धीमी मिलने पर डीएम ने तत्काल दूसरा पंप लगाने के निर्देश दिए, जिससे जलनिकासी में तेजी लाई जा सके।

डीएम के साथ एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवाराजु आर. और नगर पालिका परिषद के ईओ संजय कुमार भी मौजूद रहे। डीएम ने मौके पर सैम्पवेल के माध्यम से हो रही जलनिकासी की व्यवस्था देखी और अधिकारियों से पंप की क्षमता व निकासी की गति की जानकारी ली। अपेक्षाकृत धीमी निकासी पर उन्होंने अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जब तक जलभराव पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएं और नगर पालिका सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। अतिरिक्त पंप लगाने की कार्रवाई भी मौके पर तत्काल शुरू कर दी गई।

*मोहल्लेवासियों से सीधे सुनी समस्या*
डीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर यह भी जाना कि जलभराव किस दिशा से हो रहा है और पानी की निकासी में कहां अड़चन आ रही है। लोगों ने धीमी जलनिकासी समेत अपनी समस्याएं डीएम के सामने रखीं। डीएम ने अधिकारियों को मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम ने लोगों को भविष्य के लिए भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मकान बनाने या जमीन खरीदने से पहले केवल जमीन की कीमत न देखें, बल्कि रास्ता, नाली, जलनिकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी जरूर परखें। कम कीमत की जमीन बाद में जलभराव जैसी परेशानी का कारण बन सकती है।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन और त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता होनी चाहिए। जलभराव समाप्त होने तक क्षेत्र में प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था बनाए रखने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Comments

Back to Top