लखीमपुर में धड़ल्ले से काटे जा रहे प्रतिबंधित पेड, वन विभाग के आला अफसर बेखबर
लखीमपुर खीरी Aug 31, 2026 at 06:57 PM , 19लखीमपुर खीरी। खीरी जनपद में प्रतिबंधित व बेशकीमती पेड़ों के अवैध कटान का सिलसिला लगातार जारी है। वर्तमान में दक्षिण खीरी वन प्रभाग की शारदानगर रेंज की नकहा वन चौकी समेत खीरी वन चौकी क्षेत्र में शातिर लकडकट्टे वन विभाग से सांठगांठ कर प्रतिबंधित व फलदाई आम के देशी पेड़ों समेत अन्य प्रजातियों के पेड़ों पर बेरोकटोक आरा चला हरियाली का संहार कर रहे हैं। वहीं शिकायत मिलने के बावजूद वन विभाग के आला अधिकारी भी टस से मस होने का नाम नहीं ले रहे हैं।जानकारी के मुताबिक शारदानगर रेंज की नकहा वन चौकी क्षेत्र ग्राम चाऊपुर पडरी में शातिर लकडकट्टे गांव के ही राकेश की हरी भरी बाग को काट रहे हैं। आरोप है कि शातिर लकडकट्टों ने इस बाग में आम के बारह पेड़ों समेत दो पेड बडहर, एक कटहल व चार जामुन के पेड़ों को काट लिया है। बताते हैं कि शातिर लकडकट्टों ने वन विभाग की सांठगांठ से इस अवैध कटान को अंजाम दिया है। इस अवैध कटान की शिकायत के बावजूद वन विभाग के अफसरों ने अभी तक लकडकट्टों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
उधर शारदानगर रेंज की ही खीरी वन चौकी क्षेत्र में भी शातिर लकडकट्टों ने वन विभाग की मिलीभगत से लखीमपुर रोड पर जिंद बाबा मजार के पास बिना परमिट जारी कराये देशी आम के हरे भरे पेड़ों पर बेरहमी से आरा चला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां शातिर लकडकट्टे दिन दिहाड़े सरेआम आम के पेड़ों को काट रहे हैं, वन विभाग समेत खीरी पुलिस से अवैध कटान की शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज खीरी को फोन करके जानकारी लेना चाही, उनका फोन नहीं उठा। वहीं शारदानगर रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव को फोन किया गया तो उनका नंबर स्विच्ड आफ आ रहा था।
ज्ञात हो कि जहां एक तरफ प्रदेश सरकार वृक्षारोपण कर हरियाली को बढ़ावा देने का काम कर रही है, वहीं वन विभाग के कुछ अफसरों व कर्मचारियों की मिलीभगत से लकडकट्टों द्वारा हरे भरे पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है सूत्रों की मानें तो शातिर लकडकट्टे चंद पेड़ों की निकासी की आंड में पूरी की पूरी हरी भरी बागों का सफाया करने में जुटे हैं। अब देखना यह होगा कि वन विभाग व पुलिस विभाग इन शातिर लकडकट्टों के खिलाफ कार्रवाई करता है या फिर इनकी शह जिले की पूरी हरियाली उजाड दी जाएगी।






_page-0001.jpg)
























Comments