*नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला: संजय*

लखीमपुर खीरी , 3

*युवराष्ट्र के तत्वावधान में ‘रन फॉर नेशन मैराथन-2026’ का भव्य आयोजन*

*सैकड़ों युवाओं ने दौड़कर दिया नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश*

 दिनांक 30 अगस्त 2026, लखीमपुर खीरी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा एवं युवराष्ट्र, लखीमपुर के तत्वावधान में “रन फॉर नेशन मैराथन-2026” का आयोजन “नशा मुक्ति, युवा सशक्त भारत” अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में उत्साह एवं राष्ट्रभाव के वातावरण में किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशे के विरुद्ध जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में अवध प्रांत के सह प्रांत प्रचारक संजय, सीतापुर विभाग के सह विभाग संघचालक राजेंद्र कटियार, जिला संघचालक अवधेश गुप्ता तथा हिंदू जागरण मंच के राहुल ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

*युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा: संजय*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *अवध प्रांत के सह प्रांत प्रचारक संजय* ने कहा कि “रन फॉर नेशन मैराथन” केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का अभियान है। आज का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। उसकी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्रहित में हो, यही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि युवा अपने जीवन का लक्ष्य केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि राष्ट्रहित को अपने जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाएं। नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी कमजोर करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन, अनुशासन, खेल, शिक्षा, संस्कार और सेवा को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए।

*युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति: राहुल शुक्ला*

*कार्यक्रम के संयोजक एवं युवराष्ट्र के विभाग संयोजक राहुल शुक्ला* ने कहा कि “रन फॉर नेशन मैराथन-2026” युवाओं के भविष्य को सकारात्मक दिशा देने की दृष्टि से अत्यंत सार्थक पहल है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उनमें स्वास्थ्य, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।  राहुल शुक्ला ने कहा कि यह मैराथन केवल कुछ किलोमीटर की यात्रा नहीं, बल्कि नशे से मुक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की दिशा में एक सामूहिक कदम है। युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता यह संदेश देती है कि लखीमपुर का युवा स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध है।

शहर की सड़कों पर गूंजा नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश

मैराथन का शुभारंभ जीआईसी ग्राउंड से हुआ। प्रतिभागी गुरु गोविंद सिंह चौक, हीरालाल धर्मशाला, श्रीराम (बड़ा चौराहा), शाहपुरा कोठी, विलोबी मेमोरियल, जीजीआईसी, मिश्राना चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, डीएम आवास एवं सौजन्या चौराहा होते हुए पुनः जीआईसी ग्राउंड पहुंचे, जहां मैराथन का समापन हुआ।

पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” और “युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति” जैसे संदेशों के माध्यम से नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

*विजेताओं को किया गया सम्मानित*

मैराथन के समापन अवसर पर अवध प्रांत के सह प्रांत प्रचारक संजय ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में सदैव राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए और अपनी प्रतिभा तथा ऊर्जा का उपयोग समाज एवं देश के निर्माण में करना चाहिए।

*बालक वर्ग में प्रथम स्थान रवि पाल, द्वितीय स्थान सूरज पाल तथा तृतीय स्थान अनुराग ने प्राप्त किया।*

*बालिका वर्ग में प्रथम स्थान संयुक्त रूप से सारंगा देवी एवं सृष्टि वर्मा ने प्राप्त किया, जबकि मीरा देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।*

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपये नगद, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 2100 रुपये नगद, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 1100 रुपये नगद, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त टॉप-50 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए तथा मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

*स्वयंसेवकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी*

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन युवराष्ट्र के विभाग संयोजक राहुल शुक्ला ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में विभाग सह संघचालक राजेंद्र कटियार, जिला संघचालक अवधेश गुप्ता, जिला प्रचारक आजाद, जिला कार्यवाह संजीव, जिला कार्यवाह अमरेश, विभाग संपर्क प्रमुख नीरज सिंह, प्रचार प्रमुख अंशुल जायसवाल, विभाग विमर्श प्रमुख आशीष प्रताप श्रीवास्तव, जिला विमर्श प्रमुख मयंक गुप्ता, नगर प्रचारक विनोद कुमार, नगर कार्यवाह अरुण सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Comments

Back to Top