गुडविल स्मार्ट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया रक्षा सूत्र सम्मान समारोह

लखीमपुर खीरी , 0

लखीमपुर-खीरी।ओयल कस्बा ओयल स्थित शिक्षण संस्थान गुडविल स्मार्ट स्कूल में रक्षा सूत्र सम्मान समारोह बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक आशीष गुप्ता रानू एवं प्रधानाचार्य पूनम गुप्ता के संयोजन में किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के नौनिहालों द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर मनमोहक वक्तव्य प्रस्तुत कर की गई। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में पधारे सभी सम्मानित अतिथियों का पटका पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के चिकित्सक डॉ. जेड ए खान, समाजसेवी अवधेश कुमार, ओयल पुलिस चौकी के प्रभारी डिम्पल सिंह, लोकेश कुमार, अजय पांडेय एवं दिलीप कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब विद्यालय की बालिकाओं ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र की कामना की। रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद सभी अतिथियों ने भी भावुक होकर बालिकाओं को उपहार भेंट किए और उनके उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्य पूनम गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Comments

Back to Top