मितौली सीएचसी में दबंगई,जांच कराने गए मरीज को लैब टेक्नीशियन ने दी जेल भिजवाने की धमकी, वीडियो वायरल

लखीमपुर खीरी , 0

लखीमपुर खीरी:उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ मितौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने पहुंचे एक मरीज के साथ लैब टेक्नीशियन द्वारा अभद्रता करने और जेल भेजने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक,रायपुर निवासी असित कुमार (पुत्र रमेश चंद्र) पिछले 15 दिनों से अस्पताल के चक्कर काट रहा है।मरीज का पहला पर्चा (नंबर: 993272600203258) बीते 4 अगस्त 2026 को जारी हुआ था। इसके बाद उसने 25 अगस्त 2026 को दूसरा पर्चा (रजिस्ट्रेशन नंबर: 231707) बनवाया। पीड़ित का आरोप है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी अस्पताल में उसकी जांच नहीं की गई।
पर्चे पर लिख कर दे दो" कहने पर भड़का टेक्नीशियन
मंगलवार को जब मरीज दोबारा जांच के लिए पहुंचा, तो लैब टेक्नीशियन शिवेंद्र सिंह ने सामान (केमिकल या किट) न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इस पर मरीज असित कुमार ने सहजता से कहा, "अगर सामान नहीं है, तो आप पर्चे पर लिख कर दे दीजिए ताकि मैं बाहर से जांच करवा सकूं।" इतनी सी बात सुनते ही लैब टेक्नीशियन आगबबूला हो गया।
गाली-गलौज और जेल भेजने की धमकी
वायरल वीडियो और मरीज के आरोपों के अनुसार, लैब टेक्नीशियन शिवेंद्र सिंह ने मरीज को बच्चा समझकर बुरी तरह प्रताड़ित किया। उसने मरीज के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा, "तुमको अभी जेल में डलवा देंगे।" पीड़ित का कहना है कि उसे न सिर्फ इलाज और जांच से वंचित किया गया, बल्कि मानसिक रूप से भी बुरी तरह परेशान किया गया।इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों में भारी आक्रोश है। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारी इस बेलगाम स्वास्थ्य कर्मी पर क्या और कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top