नगर में वाहनों में प्रेशर हॉर्न और तेज एलईडी लाइट बनी मुसीबत, हादसों का बढ़ रहा खतरा
लखीमपुर खीरी Aug 21, 2026 at 05:12 PM , 6पलिया खीरी। क्षेत्र में इन दिनों दोपहिया और चारपहिया वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड एलईडी लाइटें आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई हैं। प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई न होने के कारण वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे सड़कों पर चलना दूभर हो गया है।
वाहनों में लगे इन प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली कर्कश और तेज आवाज से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। बाजारों और तंग गलियों में अचानक बजने वाले इन हॉर्न से लोग सहम जाते हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इस तरह की तेज आवाज दिल के मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है और इससे मानसिक तनाव व स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं भी पैदा हो रही हैं। रात के समय यह समस्या और अधिक विकराल रूप ले लेती है।
दूसरी ओर, रात के वक्त सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की तेज और चौंधियाने वाली मॉडिफाइड एलईडी लाइटें हादसों को खुला न्यौता दे रही हैं। इन लाइटों की तेज रोशनी सीधे सामने से आ रहे वाहन चालकों की आंखों पर पड़ती है, जिससे उन्हें सड़क दिखाई देना बंद हो जाता है और वे अपना संतुलन खो बैठते हैं। मुख्य चौराहों और व्यस्त बाजारों में इस वजह से विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों ने पलिया पुलिस और यातायात विभाग से मांग की है कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ जल्द से जल्द विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि नियम तोड़ने वालों पर कड़ी चालानी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।































Comments