जौरहा नदी में लापता किसान का शव बरामद, 24 घंटे बाद मिला
लखीमपुर खीरी Aug 20, 2026 at 06:48 PM , 1लखीमपुर-खीरी। निघासन तहसील के मांझा गांव निवासी 54 वर्षीय किसान रमेश का शव गुरुवार दोपहर जौरहा नदी से बरामद कर लिया गया। किसान बुधवार सुबह से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीमों ने फ्लड पीएसी व गोताखोरों की मदद से दो दिन तक सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
बेटे मलकीत सिंह (30) और बलजिंदर सिंह (24) ने बताया कि मंगलवार को उनकी एक भैंस चरते समय जौरहा नदी पार चली गई थी। बुधवार सुबह करीब आठ बजे पिता दोनों बेटों के साथ भैंस वापस लाने के लिए नदी पार कर रहे थे। नदी पर पुल न होने से तीनों पानी के रास्ते जा रहे थे, तभी बेटों के सामने ही नदी में मौजूद मगरमच्छ ने किसान पर हमला कर उन्हें पानी में खींच लिया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी।जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर हुए इस हादसे में किसान का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। थाना प्रभारी सिंगाही दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक अपने पीछे दो बेटे और तीन विवाहित बेटियां बलवंत कौर (35), सिमरन कौर (30) और राज कौर (28) छोड़ गए हैं।































Comments